जिंदगीभर इंसुलिन पर निर्भर बच्चों के लिए ढाल बनीं ‘गुब्बारा क्लीनिक’, नैनीताल में स्वास्थ्य विभाग की अनूठी पहल!
74 बच्चों और युवाओं को मुफ्त इंसुलिन, ग्लूकोमीटर और टेस्ट स्ट्रिप की सुविधा… हर मंगलवार नैनीताल और हल्द्वानी में लग रहा विशेष क्लीनिक!
डायबिटीज के बढ़ते आंकड़ों के बीच 30 साल से अधिक उम्र के लोगों की स्क्रीनिंग पर भी जोर!
दर्पण न्यूज 24/7 | नैनीताल।
डायबिटीज का नाम सुनते ही आमतौर पर लोगों के मन में एक ऐसी बीमारी की तस्वीर उभरती है, जो उम्र बढ़ने के साथ होती है। लेकिन जब यही बीमारी मासूम बच्चों को अपनी गिरफ्त में ले ले और उन्हें जिंदगीभर इंसुलिन के सहारे रहना पड़े, तो परिवार की चुनौती कहीं ज्यादा बड़ी हो जाती है। ऐसे बच्चों के लिए नैनीताल जिले में स्वास्थ्य विभाग की ‘गुब्बारा क्लीनिक’ उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी हैं।
टाइप-1 डायबिटीज से जूझ रहे बच्चों और युवाओं के लिए शुरू की गई इस विशेष व्यवस्था के तहत अब 74 मरीजों को नियमित उपचार और चिकित्सकीय परामर्श दिया जा रहा है। सबसे राहत की बात यह है कि मरीजों को इंसुलिन, ग्लूकोमीटर और ग्लूकोज टेस्ट स्ट्रिप निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। यानी बीमारी से लड़ाई में जरूरी संसाधनों के लिए परिवारों को अपनी जेब पर पूरा बोझ नहीं उठाना पड़ रहा।
हर मंगलवार बच्चों के लिए खुल रहे उपचार के दरवाजे!
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत नवंबर 2025 में शुरू हुई गुब्बारा क्लीनिक वर्तमान में दो स्थानों पर संचालित हैं। जिला चिकित्सालय नैनीताल और बेस चिकित्सालय हल्द्वानी में प्रत्येक मंगलवार को टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित मरीजों को विशेष सेवाएं दी जा रही हैं।
टाइप-1 डायबिटीज में शरीर पर्याप्त इंसुलिन नहीं बना पाता। ऐसे मरीजों को नियमित इंसुलिन लेना और रक्त में ग्लूकोज के स्तर की निगरानी करना जरूरी होता है। बच्चों के मामले में यह जिम्मेदारी और संवेदनशील हो जाती है। ऐसे में मुफ्त इंसुलिन और जांच उपकरण उपलब्ध कराना प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत है।
दो लाख से अधिक लोगों की स्क्रीनिंग, हजारों मरीज उपचाराधीन!
जिले में डायबिटीज की चुनौती भी कम नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक 2,39,515 लोगों की स्क्रीनिंग की गई, जिनमें 11,488 मरीज उपचाराधीन रहे। वहीं अप्रैल 2026 से अब तक 1,66,833 लोगों की स्क्रीनिंग हो चुकी है और वर्तमान में 11,774 मरीज उपचाराधीन हैं।
जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की नियमित जांच की जा रही है। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी स्वास्थ्य केंद्रों के साथ-साथ गांवों और समुदाय स्तर पर भी लोगों की स्क्रीनिंग कर रहे हैं, ताकि बीमारी का पता शुरुआती दौर में लग सके।
सीएमओ ने बताई प्राथमिकता, अब जरूरत निरंतर निगरानी की!
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत का कहना है कि मधुमेह की समय पर पहचान, नियमित जांच और उपचार स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों और युवाओं को लगातार उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में गुब्बारा क्लीनिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
उन्होंने 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों से नियमित डायबिटीज जांच कराने और बीमारी की पुष्टि होने पर चिकित्सकीय सलाह के अनुसार उपचार लेने की अपील की है।
सवाल सिर्फ 74 मरीजों का नहीं, हर जरूरतमंद बच्चे तक पहुंचने का है। गुब्बारा क्लीनिक की शुरुआत ने यह उम्मीद जरूर जगाई है कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे बच्चों को इलाज के लिए आर्थिक मजबूरी का सामना न करना पड़े। अब इस पहल की असली सफलता इस बात से तय होगी कि जिले का कोई भी टाइप-1 डायबिटीज पीड़ित बच्चा जानकारी या संसाधनों के अभाव में उपचार से वंचित न रहे।

