खबरें शेयर करें -

10-10 दिन का टारगेट तय कर तेजी से निपटाएं काम: डीएम रयाल!
समयबद्ध और गुणवत्तापरक कार्य पर जोर, मानसून से पहले परियोजनाएं पूरी करने के निर्देश!
दर्पण न्यूज 24/7| हल्द्वानी
नैनीताल जिले में संचालित महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं को लेकर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सख्त रुख अपनाया है। शुक्रवार को कैम्प कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश दिए कि 10-10 दिन का लक्ष्य निर्धारित कर कार्यों को तय समयसीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
डीएम रयाल ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ आक्रामक गति से कार्य करें, ताकि मानसून से पहले सभी निर्माण कार्य पूर्ण हो सकें और जनता के बीच सकारात्मक संदेश जाए।
गैस पाइपलाइन और सड़क कार्यों में तालमेल के निर्देश
हल्द्वानी और रामनगर में एचपीसीएल द्वारा संचालित गैस पाइपलाइन परियोजना की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्देश दिए कि यूयूएसडीए और पेयजल विभाग के साथ समन्वय बनाकर सड़कों पर हॉट मिक्स से पहले पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा कर लिया जाए। पीलीकोठी क्षेत्र में इस सप्ताह कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य तय किया गया है।
रामनगर में 20 किमी में से 15 किमी गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष 5 किमी कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
17 किमी सड़क पर हॉट मिक्स का 10 दिन में लक्ष्य
यूयूएसडीए द्वारा हल्द्वानी में 17 किमी खुदी सड़कों के सापेक्ष मात्र 12 किमी में हॉट मिक्स कार्य होने पर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने अगले 10 दिनों में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए।
जमरानी बांध परियोजना में तेजी लाने के निर्देश
जमरानी बांध परियोजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि पहली टनल में 644 मीटर में से 544 मीटर और दूसरी टनल में 600 मीटर में से 590 मीटर कार्य पूर्ण हो चुका है। डीएम ने मानसून से पूर्व दोनों टनलों का निर्माण कार्य हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा कॉफर डैम, सिंचाई नहरों और विद्युत पोल शिफ्टिंग के कार्यों की भी समीक्षा की गई। 40.82 किमी नहर में से 17.34 किमी कार्य पूर्ण हो चुका है।
अतिक्रमण हटाने और सौंदर्याकरण पर फोकस
डीएम ने नहर किनारे अतिक्रमण को तत्काल हटाने और संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए। साथ ही हल्द्वानी के सभी चौराहों के सौंदर्याकरण कार्य एक माह में पूर्ण करने को कहा।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी, यूयूएसडीए के परियोजना प्रबंधक कुलदीप कुमार, जमरानी बांध परियोजना के सहायक महाप्रबंधक शाहनवाज, अभय पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम के सख्त निर्देशों के बाद अब जिले में विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

उत्तराखंड