11 चोरी की बाइक बरामद, 5 शातिर वाहन चोर पुलिस के शिकंजे में,वाहन चोर गिरोह के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत इस जनपद की पुलिस को मिली ये बड़ी सफलता।
दर्पण न्यूज 24/7 रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की 11 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इस कार्रवाई से वाहन चोर गिरोहों में हड़कंप मच गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिलेभर में वाहन चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत ट्रांजिट कैम्प और खटीमा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा किया।
खंडहर के पास दबोचे गए चोर।
ट्रांजिट कैम्प पुलिस को 2 जून को सूचना मिली कि कुछ युवक चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गणेशपुर रोड स्थित एक खंडहर के पास मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और तीन आरोपियों को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कई वाहन चोरी की वारदातों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर झाड़ियों और सुनसान स्थानों में छिपाकर रखी गई पांच अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। ये वाहन ट्रांजिट कैम्प और पंतनगर क्षेत्र से चोरी किए गए थे।
गिरफ्तार आरोपी।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सचिन पाल, अरुण और आशीष श्रीवास्तव सहित कुल पांच वाहन चोर शामिल हैं। पुलिस अन्य मामलों में भी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और कई महत्वपूर्ण खुलासों की संभावना जताई जा रही है।
कहीं आपकी बाइक तो नहीं?
पुलिस द्वारा बरामद की गई 11 मोटरसाइकिलों की पहचान की जा रही है। जिन लोगों की बाइक हाल के दिनों में चोरी हुई है, वे संबंधित थाना पुलिस से संपर्क कर अपने वाहन की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
