खबरें शेयर करें -

मानव-वन्यजीव संघर्ष पर सख्त हुआ वन विभाग, PCCF मिश्रा बोले—कचरा बना जानलेवा खतरा।
हल्द्वानी। उत्तराखंड में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को लेकर वन विभाग अब एक्शन मोड में आ गया है। प्रमुख मुख्य वन संरक्षक (PCCF) रंजन कुमार मिश्रा ने इसे विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। गुरुवार को हल्द्वानी पहुंचे PCCF ने वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर हालात की गहन समीक्षा की।
बैठक में PCCF मिश्रा ने कहा कि जंगलों से सटे गांवों और शहरी सीमाओं में वन्यजीवों की बढ़ती आवाजाही के पीछे जैविक कूड़े का अवैज्ञानिक निस्तारण एक बड़ा कारण है। खुले में फेंका गया जैविक कचरा वन्यजीवों को आबादी वाले इलाकों तक खींच ला रहा है, जिससे हमले और जानमाल के नुकसान की घटनाएं बढ़ रही हैं।
उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए प्रदेशभर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीणों और शहरी क्षेत्रों में लोगों को कचरा प्रबंधन और जैविक अपशिष्ट के वैज्ञानिक निस्तारण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
PCCF मिश्रा ने बताया कि शासन स्तर पर इस विषय को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष समिति का गठन किया गया है। समिति की सिफारिशों के आधार पर आने वाले समय में एक व्यापक और प्रभावी अभियान शुरू किया जाएगा, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में कमी लाई जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जमीनी स्तर पर आपसी समन्वय बढ़ाया जाए और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ वन्यजीवों का संरक्षण भी सुनिश्चित किया जा सके।