अल्मोड़ा की बेटियों ने राष्ट्रीय जूजित्सु में रचा इतिहास, विधायक मनोज तिवारी ने किया सम्मान।
अल्मोड़ा। जूजित्सु एसोसियेशन ऑफ़ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय सब जूनियर एवं जूनियर अंडर-18 जूजित्सु चैंपियनशिप-2025 में पदक जीतकर अल्मोड़ा का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करने वाली नगर की होनहार बेटियों का स्थानीय विधायक मनोज तिवारी ने अपने कार्यालय में भव्य स्वागत किया।
विधायक मनोज तिवारी ने राष्ट्रीय चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता रजनी नेगी एवं रजत पदक विजेता माही बिष्ट को बधाई देते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद इन बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अल्मोड़ा को गौरवान्वित किया है। उन्होंने इसे पूरे जनपद के लिए गर्व का क्षण बताया।
विधायक ने आश्वस्त किया कि दोनों प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे और बेहतर प्रदर्शन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने में वे हर संभव सहयोग करेंगे। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों के कोच यशपाल भट्ट की कड़ी मेहनत और समर्पण की जमकर सराहना की।
इस अवसर पर विधायक ने खिलाड़ियों और कोच का माल्यार्पण कर सम्मान किया तथा मिष्ठान वितरण कर खुशी साझा की। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने भी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
