अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, कैंडल मार्च निकाल सरकार पर साधा निशाना।
दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो लालकुआं।
बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच एवं दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस ने बुधवार को हल्दूचौड़ में विशाल कैंडल मार्च निकालते हुए जमकर प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और कहा कि प्रदेश की बेटी के न्याय में हो रही देरी बेहद शर्मनाक है।
हल्दूचौड़ के गन्ना सेंटर से शुरू हुए कैंडल मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में मोमबत्तियां लेकर मुख्य बाजार से होते हुए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मारक पहुंचे, जहां दिवंगत अंकिता को श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान “अंकिता हम शर्मिंदा हैं, तेरे कातिल जिंदा हैं” जैसे नारे गूंजते रहे और वीआईपी का नाम सार्वजनिक करने की जोरदार मांग उठी।
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य का हमला
मौके पर पहुंचे नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि इतने लंबे समय बाद भी अंकिता को न्याय नहीं मिल पाया है, जो राज्य के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनता सड़क पर संघर्ष कर रही है और सरकार मौन है। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच तत्काल सीबीआई को सौंपी जानी चाहिए और वीआईपी का नाम सार्वजनिक किया जाए।
जिला अध्यक्ष राहुल छिलवाल का बयान
कांग्रेस नैनीताल जिला अध्यक्ष राहुल छिलवाल ने कहा कि यह कोई साधारण अपराध नहीं, बल्कि संरक्षण प्राप्त अपराध तंत्र का परिणाम है। सरकार शुरुआत से ही वीआईपी को बचाने का प्रयास कर रही है, इसलिए निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जनता न्याय के लिए सड़क पर आने को मजबूर है, जबकि सरकार जनता की आवाज सुनने को तैयार नहीं।
मीमांसा आर्य एवं अन्य नेताओं ने दी चेतावनी
युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मीमांसा आर्य ने कहा कि अब तक की जांच से जनता संतुष्ट नहीं है, इसलिए सीबीआई जांच आवश्यक है। वहीं कांग्रेस नेता हेमवती नंदन दुर्गापाल ,हरेंद्र बोरा प्रमोद कालोनी,शंकर जोशी, राजेंद्र खनवाल, उमेश कबड़वाल भोला भट्ट समेत तमाम कांग्रेसी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान बड़ी संख्या
में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
