खबरें शेयर करें -

आँचल दुग्ध संघ में बड़ा मंथन: गुणवत्ता नियंत्रण मजबूत, कोल्ड चैन और मार्केटिंग होगी दुरुस्त।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता लालकुआँ।
नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड में अध्यक्ष मुकेश बोरा की अध्यक्षता में पर्वतीय एवं मैदानी क्षेत्रों के पर्यवेक्षकों, मार्ग प्रभारियों तथा डिपो प्रभारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपनिदेशक संजय उपाध्याय की उपस्थिति में दुग्ध गुणवत्ता नियंत्रण, विपणन व्यवस्था और कोल्ड चैन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य दुग्ध विक्रय एवं विपणन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, गतिशील और उपभोक्ता हित में प्रभावी बनाना रहा। इस दौरान विक्रेताओं व ग्राहकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, दुग्ध उत्पादों की नियमित उपलब्धता व उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही उपभोक्ताओं से सीधा संपर्क बढ़ाने, लैक्टोमीटर एवं एडल्टरेशन किट वितरण करने तथा गुणवत्ता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने स्पष्ट कहा कि आँचल दुग्ध संघ की सर्वोच्च प्राथमिकता गुणवत्ता बनाए रखना और उपभोक्ताओं के विश्वास को मजबूत रखना है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा और दुग्ध एवं दुग्ध उत्पादों की आपूर्ति व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, अनुशासित एवं समयबद्ध बनाया जाएगा। उन्होंने फील्ड स्तर पर अनुशासन और आपसी समन्वय को आवश्यक बताया।
उपनिदेशक संजय उपाध्याय ने क्षेत्रीय पर्यवेक्षकों को मार्गों में नियमित निरीक्षण, परिवहन व्यवस्था की निरंतर मॉनिटरिंग और विक्रेताओं एवं उपभोक्ताओं से जुड़ी समस्याओं के त्वरित समाधान के स्पष्ट निर्देश दिए, ताकि संघ की कार्यप्रणाली पर भरोसा मजबूत बना रहे।
बैठक में दुग्ध गुणवत्ता जांच प्रणाली को सुदृढ़ करने, संघ की सदस्यता बढ़ाने तथा दुग्ध आपूर्ति में वृद्धि के लिए ठोस प्रयास करने पर सहमति बनी। साथ ही संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और फील्ड स्तर पर समन्वय सुधारने पर भी जोर दिया गया। उपस्थित अधिकारियों और पर्यवेक्षकों ने निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, प्रशासन/विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, विपणन अधीक्षक विजय सिंह चौहान, विपिन तिवारी, हेमन्त पाल, जितेंद्र खोलिया, चन्द्र प्रकाश जोशी, महेश पांडे, कुलदीप रैकवाल, लोकेश शर्मा, मनोज कुमार, सुदर्शन, पारस, सुमित तिवारी, सुमित पांडे सहित अन्य अधिकारी एवं विपणन प्रभारी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड