नैनीताल की कुर्सी से सचिवालय पहुंचे ललित मोहन रयाल, अंशुल सिंह को मिली जिले की कमान!
धामी सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 10 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के विभाग और जिम्मेदारियों में बदलाव
देहरादून। उत्तराखंड में शासन ने प्रशासनिक मशीनरी में बड़ा बदलाव करते हुए 10 आईएएस और पीसीएस अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल कर दिया है। 27 नवंबर को जारी शासनादेश के बाद कुमाऊं मंडल के प्रशासनिक गलियारों में भी हलचल तेज हो गई है। सबसे महत्वपूर्ण बदलाव नैनीताल जिले में हुआ है, जहां जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल को जिले की कमान से हटाकर सचिवालय में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन ने ललित मोहन रयाल को अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता विभाग के साथ अपर सचिव मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी दी है। उनके स्थान पर अल्मोड़ा के जिलाधिकारी अंशुल सिंह को नैनीताल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, अल्मोड़ा जिले की कमान अब दीप्ति सिंह संभालेंगी, जो इससे पहले खेल एवं युवा कल्याण विभाग में निदेशक के पद पर तैनात थीं।
इस फेरबदल में कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक विनीत तोमर को नैनीताल जिला विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। वहीं, आईएएस निधि यादव को कृषि एवं कृषक कल्याण विभाग से हटाकर खेल एवं युवा कल्याण विभाग का अपर सचिव तथा निदेशक बनाया गया है।
पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। कृष्ण कुमार मिश्रा को अपर जिलाधिकारी देहरादून से अपर जिलाधिकारी हरिद्वार भेजा गया है। पंकज कुमार उपाध्याय को अपर मेलाधिकारी कुंभ मेला हरिद्वार के साथ अपर जिलाधिकारी हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वैभव गुप्ता को अपर जिलाधिकारी हरिद्वार से अपर जिलाधिकारी देहरादून भेजा गया है।
इसी क्रम में सीमा विश्वकर्मा को डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा एवं नगर आयुक्त नगर निगम अल्मोड़ा के दायित्व से मुक्त कर डिप्टी कलेक्टर नैनीताल बनाया गया है। जबकि सुधीर कुमार को डिप्टी कलेक्टर नैनीताल से स्थानांतरित कर डिप्टी कलेक्टर अल्मोड़ा की जिम्मेदारी दी गई है।
नैनीताल में नई प्रशासनिक पारी पर रहेंगी निगाहें!
नैनीताल जिले में जिलाधिकारी का बदलाव केवल पदस्थापना तक सीमित नहीं है। नए जिलाधिकारी अंशुल सिंह के सामने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था, विकास योजनाओं की प्रगति, जनसमस्याओं के समाधान और मैदानी क्षेत्रों से लेकर पर्वतीय इलाकों तक प्रशासनिक समन्वय की जिम्मेदारी होगी।
हल्द्वानी, लालकुआं, रामनगर, नैनीताल और दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में लंबित जनसमस्याओं तथा विकास कार्यों को लेकर नए जिलाधिकारी की कार्यशैली पर लोगों की निगाहें रहेंगी। अब देखना होगा कि नई प्रशासनिक टीम शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर किस गति से आगे बढ़ाती है।
शासनादेश के अनुसार सभी तबादले तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं। इस फेरबदल के साथ ही प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था में नई जिम्मेदारियों का दौर शुरू हो गया है।





