लालकुआं में अब नए तेवर में चलेगा प्रशासन! एसडीएम शिप्रा जोशी ने संभाली कमान, जनता को त्वरित न्याय और विकास की उम्मीद!
कार्यालय पहुंचते ही संभाला कार्यभार, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने किया गर्मजोशी से स्वागत!
दर्पण न्यूज 24/7 | लालकुआं।
लालकुआं में प्रशासनिक नेतृत्व बदल गया है। नव नियुक्त उप जिलाधिकारी शिप्रा जोशी ने गुरुवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालते ही क्षेत्रवासियों की निगाहें अब प्रशासन की कार्यशैली और जनसमस्याओं के समाधान की गति पर टिक गई हैं। लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं, विकास कार्यों और आम जनता से जुड़े प्रशासनिक मामलों के निस्तारण को लेकर लोगों को नए अधिकारी से काफी उम्मीदें हैं।
रुद्रपुर नगर निगम में नगर आयुक्त के पद पर सेवाएं दे चुकीं शिप्रा जोशी का स्थानांतरण उप जिलाधिकारी न्यायिक हल्द्वानी (लालकुआं) के पद पर हुआ है। गुरुवार को उन्होंने लालकुआं स्थित कार्यालय पहुंचकर कार्यभार संभाला। उनके लालकुआं आगमन पर नगर पंचायत के सभासद एवं व्यापारी नेता भुवन पांडे तथा नरेश चौधरी ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
अब देखने वाली बात यह होगी कि नए प्रशासनिक नेतृत्व में लालकुआं की जनसमस्याओं को कितनी प्राथमिकता मिलती है और आम जनता को सरकारी दफ्तरों के चक्कर से कितनी राहत मिल पाती है। क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि शिप्रा जोशी का अनुभव प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक जवाबदेह और जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

