सरस मेले में महिला समूहों के हुनर को मिला बड़ा सहारा, परिवार संग पहुंचे सीडीओ ने खर्च किए 37,325 रुपये!
स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने दिया आत्मनिर्भर मातृशक्ति को प्रोत्साहन, बोले- लोकल उत्पादों को बाजार मिलेगा तो मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था!
हल्द्वानी। महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार दिलाने और ग्रामीण महिलाओं की मेहनत को सम्मान देने की पहल उस समय चर्चा में आ गई, जब मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय स्वयं परिवार सहित सरस मेले में खरीदारी करने पहुंच गए। उन्होंने महज औपचारिक भ्रमण तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि विभिन्न स्टॉलों से कुल 37,325 रुपये की खरीदारी कर महिला समूहों के उत्पादों के प्रति भरोसा भी जताया।
सीडीओ की इस पहल ने सरस मेले में अपने हुनर और मेहनत के दम पर पहचान बनाने में जुटी महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प सामग्री की खरीदारी में विशेष रुचि दिखाई। उनका यह कदम केवल खरीदारी नहीं, बल्कि उन महिलाओं के श्रम को प्रोत्साहित करने का संदेश भी था, जो छोटे-छोटे समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की नई इबारत लिख रही हैं।
मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को केवल नारों तक सीमित रखने के बजाय व्यवहार में उतारने की जरूरत है। स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प को अधिक से अधिक बाजार मिलेगा तो महिला स्वयं सहायता समूहों की आमदनी बढ़ेगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि सरस मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें और महिला समूहों के प्रयासों को प्रोत्साहित करें।
दरअसल, सरस मेले की असली ताकत यहां सजे आकर्षक स्टॉल ही नहीं, बल्कि उन महिलाओं के हुनर और संघर्ष की कहानियां हैं, जो अपने घर-परिवार की जिम्मेदारियों के साथ आर्थिक आत्मनिर्भरता की राह भी बना रही हैं। झंगोरा, मांडुवा, लाल चावल, पहाड़ी नमक, पारंपरिक बड़ियां और बद्री गाय का देशी घी जैसे पहाड़ी उत्पादों के साथ ड्राई फ्रूट, काष्ठ शिल्प, हस्तनिर्मित कपड़े और शॉल भी ग्राहकों को आकर्षित कर रहे हैं।
मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक उत्पादों की विविधता देखने को मिल रही है। यहां खरीदारी के साथ बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए झूलों की व्यवस्था भी की गई है। ऐसे में सरस मेला स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार और महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है।

