








पनखोली के पास 500 मीटर गहरी खाई में समाया पिकअप, चालक की मौत!
डीडीहाट से पिथौरागढ़ आ रहा था वाहन, हादसे की सूचना पर पुलिस ने ग्रामीणों के साथ चलाया रेस्क्यू अभियान !
पिथौरागढ़। पनखोली के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिकअप चालक की मौके पर ही मौत हो गई। डीडीहाट से पिथौरागढ़ की ओर आ रहा पिकअप वाहन संख्या यूके 04 सीसी 3331 अचानक अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसा इतना भीषण था कि वाहन के खाई में गिरते ही चालक दीपक चंद्र पुत्र जगदीश चंद्र, निवासी खटीमा, ऊधमसिंह नगर की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खाई में उतरकर रेस्क्यू अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद चालक के शव को बाहर निकाला।
पुलिस ने शव की शिनाख्त के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। हादसे की सूचना मृतक के परिजनों तथा वाहन स्वामी को दे दी गई है।
थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पांडे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी पहुंचा दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। फिलहाल वाहन अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है।
दर्पण न्यूज 24/7 हादसे के वास्तविक कारणों और पुलिस जांच से जुड़ी आगे की जानकारी पर नजर बनाए हुए है।
