खबरें शेयर करें -

दर्पण न्यूज़ 24×7 – विशेष रिपोर्ट
हल्द्वानी में हंगामा: सड़क किनारे मिला गोवंश का कटा सिर, क्षेत्र में तनाव; पुलिस-प्रशासन अलर्ट

संवाददाता — धर्मेंद्र शर्मा| दर्पण न्यूज़ 24×7

हल्द्वानी। रविवार देर शाम उजाला नगर स्थित अलीगढ़ पब्लिक स्कूल के पास सड़क किनारे गोवंश का कटा सिर मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर उमड़ पड़े और देखते ही देखते पूरा माहौल तनावपूर्ण हो गया।
हिंदूवादी संगठन मौके पर पहुंचे, विरोध तेज
घटना के बाद कई हिंदूवादी संगठन विरोध जताने के लिए पहुंच गए। भीड़ ने जमकर नारेबाज़ी की और आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस बल को तैनात किया गया।
महापौर व अधिकारी मौके पर, जांच तेज
सूचना मिलने पर महापौर गजराज बिष्ट, पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम भी घटना स्थल से सैंपल एकत्र कर जांच में जुटी है।
प्रत्यक्षदर्शी का दावा— ‘सिर अभी गर्म था’
स्थानीय महिला सीमा कश्यप ने बताया कि उन्होंने गोवंश का सिर छूकर देखा तो वह गर्म था, जिससे यह साफ लग रहा था कि घटना कुछ ही मिनट पहले की गई है। सिर शिव मंदिर के पास फेंका गया था, जिससे लोगों में नाराज़गी और ज्यादा बढ़ गई।
इलाके में भारी भीड़, तनाव बरकरार
घटना की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। स्थानीय निवासियों ने पहली बार ऐसी घटना होने पर चिंता जताई और रात में गश्त बढ़ाने की मांग की। खबर लिखे जाने तक पुलिस लोगों को शांत करने और भीड़ हटाने में जुटी रही।
पुलिस ने शुरू की पूछताछ
पुलिस ने आसपास के कुछ संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामला अत्यंत संवेदनशील है और दोषियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड