खबरें शेयर करें -

राष्ट्रीय राजमार्ग पर लचर व्यवस्था का कड़वा सच—आवारा गोवंश बना हादसों की बड़ी वजह।
राष्ट्रीय राजमार्ग में लालकुआं के निकट कार खाई में गिरी, महिला-पुरुष और गोवंश गंभीर घायल
112 व 108 की तत्परता से जान बची।

लालकुआं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेसहारा घूम रहे गोवंश एक बार फिर बड़ा हादसा करा गए। सरकारी मशीनरी की लचर व्यवस्था और व्यवस्था सुधार के दावों के बीच आवारा पशुओं का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार दोपहर हुए एक दर्दनाक हादसे में कार सवार महिला-पुरुष और एक गोवंश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा तब हुआ जब तेज गति से सामने आ गए आवारा गोवंश से बचने के प्रयास में कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर कालाढूंगी की ओर से कार संख्या यूके 04एल–6644 में सवार एक महिला और पुरुष किच्छा की ओर जा रहे थे। जब वाहन डिपो नंबर 5 के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवारों को बचाने के चक्कर में अचानक आगे से आवारा गोवंश सड़क पर आ गया। तेज रफ्तार में अचानक सामने आए गोवंश से टक्कर के बाद कार संतुलन खो बैठी और गोवंश समेत नीचे गहरी खाई में जा गिरी।
हादसा होते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने तुरंत 108 को बुलाया, जिसके माध्यम से गंभीर रूप से घायल महिला और युवक को हल्द्वानी अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना में टक्कर का शिकार हुआ गोवंश भी गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है।
सिस्टम पर उठ रहे सवाल
राष्ट्रीय राजमार्गों पर प्रतिदिन बढ़ रहे हादसे जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर सीधे सवाल खड़े कर रहे हैं। आवारा गोवंश आए दिन हादसों का कारण बन रहे हैं, लेकिन इन्हें सड़क से हटाने या सुरक्षित स्थानों पर रखने की दिशा में व्यवस्था अभी भी सिर्फ कागजों में ही दिखती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थिति पर नियंत्रण न हुआ तो भविष्य में इससे भी बड़े हादसे सामने आ सकते हैं।
दर्पण न्यूज़ 24×7 आपसे अपील करता है कि सड़क पर वाहन चलाते समय सावधानी बरतें और किसी भी दुर्घटना/आपात स्थिति में तुरंत पुलिस व 108 सेवा को सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *