खबरें शेयर करें -

राष्ट्रीय राजमार्ग 109 पर कटों की लापरवाही बनी मौत का जाल!

गोरापड़ाव में फिर हुआ दर्दनाक हादसा, महिला की हालत गंभीर

लालकुआं। राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर लालकुआं से हल्द्वानी के बीच बने ‘कट’ लोगों के लिए सुविधा से ज्यादा खतरा साबित हो रहे हैं। आएदिन यहां होने वाली सड़क दुर्घटनाएं प्रशासन की लापरवाही और गलत कट संरचना की पोल खोल रही हैं। बुधवार दोपहर एक बार फिर गोरापड़ाव कट पर बड़ा हादसा हुआ, जिसमें मोटरसाइकिल सवार एक महिला और पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हल्द्वानी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार गोरापड़ाव के कट पर अचानक सामने आए मोटरसाइकिल सवारों से भिड़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार महिला और पुरुष सड़क पर जाकर बुरी तरह गिर पड़े। हादसे के बाद मौजूद स्थानीय लोगों ने बिना देर किए उन्हें ऑटो से डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी पहुंचाया। महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है, जबकि उनकी मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

कटों की मनमानी से बढ़ रहा दुर्घटनाओं का ग्राफ

स्थानीय लोगों का कहना है कि—
➡️ NH-109 पर बने कई कट बिना किसी साइनबोर्ड, सिग्नल या स्पीड कंट्रोल के खुले हुए हैं।
➡️ दोनों दिशाओं से आने वाले वाहन चालकों को एक-दूसरे का अंदाज़ा तक नहीं लग पाता।
➡️ कई दुर्घटनाएं पुलिस रिकॉर्ड का हिस्सा बन भी नहीं पातीं, लेकिन घायल होकर लोग अस्पतालों तक पहुंचते रहते हैं।

लोगों की मांग— कटों की समीक्षा हो, सुरक्षा उपकरण लगाए जाएं

स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों ने दो टूक कहा कि गोरापड़ाव से लेकर हल्दूचौड़ तक कई कट बेहद खतरनाक स्थिति में हैं। यदि जल्द ही प्रशासन ने इन्हें व्यवस्थित नहीं किया, तो सड़क हादसों का सिलसिला और बढ़ सकता है।

सवाल उठता है…

क्या हर हादसे के बाद प्रशासन सिर्फ औपचारिकता निभाकर भूल जाएगा?
या NH-109 पर सुरक्षा व्यवस्था की बड़े स्तर पर समीक्षा की जाएगी?

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड