








कागजों से निकलकर गांव की चौपाल तक पहुंचेंगी सरकारी योजनाएं!
लोकगीत और नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रामीणों को योजनाओं का पाठ, अंतिम छोर तक लाभ पहुंचाने पर जोर!
रुद्रपुर। सरकारी योजनाएं बनना जितना जरूरी है, उनका लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचना उससे कहीं अधिक महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से ऊधमसिंह नगर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सूचना विभाग ने जनजागरूकता की मुहिम तेज कर दी है। अब सरकारी योजनाओं की जानकारी महज प्रचार सामग्री तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि लोकगीत, गीत-नाट्य और नुक्कड़ नाटकों के जरिए गांव की चौपाल तक पहुंचाई जा रही है।
जिला सूचना अधिकारी गोविन्द सिंह बिष्ट ने बताया कि अभियान के तहत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों में सांस्कृतिक दल ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के उद्देश्य, पात्रता और मिलने वाले लाभ की जानकारी सरल एवं रोचक तरीके से दे रहे हैं।
लोककला के सहारे योजनाओं की जानकारी
ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के लिए सूचना विभाग ने लोककला को माध्यम बनाया है। कलाकार गीत और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए सरकारी योजनाओं और जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी लोगों तक पहुंचा रहे हैं। कार्यक्रमों के दौरान योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री भी वितरित की जा रही है।
जिला सूचना अधिकारी के मुताबिक, लोक कला और गीत-नाट्य के माध्यम से दी जाने वाली जानकारी ग्रामीणों तक प्रभावी ढंग से पहुंचती है। इसी को ध्यान में रखते हुए विभाग के पंजीकृत सांस्कृतिक दलों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार कार्यक्रम कराए जा रहे हैं।
पूरे माह चलेगा जागरूकता अभियान
सेवा संकल्प अभियान के तहत पूरे माह जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विभाग का लक्ष्य सरकारी योजनाओं की जानकारी अंतिम छोर तक पहुंचाने, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने तथा ग्रामीणों को उनके अधिकारों और उपलब्ध सुविधाओं के प्रति जागरूक करने का है।
अभियान में मां नैना सांस्कृतिक एवं जन कल्याण सेवा समिति, विभिन्न राणा थारू एवं थारू सांस्कृतिक समितियों सहित सूचना विभाग में पंजीकृत कई सांस्कृतिक दलों को शामिल किया गया है।
दर्पण न्यूज 24/7 | रुद्रपुर
