नलकूप विभाग की लापरवाही से किसान बेहाल — बार-बार खराब हो रहे नलकूप, फसलें सूखने की कगार पर।
दर्पण न्यूज 24*7
हल्द्वानी।
नलकूप विभाग की लापरवाही एक बार फिर किसानों पर भारी पड़ रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में नलकूपों के रखरखाव के प्रति विभाग की उदासीनता अब सीधे किसानों की फसलों को नुकसान पहुँचा रही है। हालत यह है कि नलकूप आए दिन खराब हो रहे हैं, लेकिन विभाग के जिम्मेदार अधिकारी शिकायतें सुनने तक को तैयार नहीं। किसान फोन करते-करते थक चुके हैं, परंतु संबंधित अधिकारियों के फोन तक नहीं उठते।
ग्राम पंचायत गंगापुर कबड़वाल स्थित नलकूप संख्या 12-एचजी इसका ताज़ा उदाहरण है। किसानों ने काफी मशक्कत के बाद इसे ठीक कराया था, लेकिन ठीक होते ही नलकूप दोबारा खराब हो गया। निरंतर तकनीकी खराबियों और मेंटेनेंस की कमी के चलते किसान बेहद परेशान हैं।
इधर, खेतों में लहलहाती लाही (सरसों) की फसल सिंचाई के अभाव में दम तोड़ने लगी है। किसानों का कहना है कि समय पर पानी न मिलने से उपज भारी मात्रा में प्रभावित होगी, जिससे आर्थिक नुकसान तय है।
ग्रामीणों में नलकूप विभाग के प्रति गहरी नाराज़गी और आक्रोश व्याप्त है। उनका कहना है कि यदि विभाग समय से नलकूपों की मरम्मत और नियमित देखरेख करे, तो उनकी फसलें न केवल बच सकती हैं बल्कि उत्पादन भी बेहतर हो सकता है। लेकिन विभाग की उदासीनता ने खेती को संकट में डाल दिया है।
किसान आशा कर रहे हैं कि प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए नलकूप विभाग को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देगा, ताकि रबी सीज़न की फसलें बचाई जा सकें।
–
