चंपावत में अग्निवीर की अंत्येष्टि पर बवाल: अधूरी वीडियो से छवि धूमिल करने की साजिश—विधायक खुशाल सिंह अधिकारी!
चंपावत/लोहाघाट। अग्निवीर जवान की अंत्येष्टि के दौरान विधायक और पुलिस अधिकारी के बीच हुई कहासुनी का वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने वायरल क्लिप को उनकी छवि खराब करने की सोची-समझी कोशिश बताया है।
विधायक अधिकारी का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित फुटेज पूरी घटना का केवल एक चुनिंदा हिस्सा दिखाती है। वीडियो में वह क्षण शामिल नहीं किया गया, जब पाटी थानाध्यक्ष ने उनके साथ अनुचित व्यवहार किया था। उन्होंने कहा कि केवल उनकी नाराजगी वाला भाग साझा कर एकतरफा छवि बनाने की कोशिश की गई है।
उन्होंने बताया कि सोमवार को भिंगराणा में अग्निवीर जवान के अंतिम संस्कार के दौरान भारी भीड़ और अव्यवस्था के बीच उन्होंने एसओ से व्यवस्था सुधारने का आग्रह किया था। लेकिन अधिकारी ने असहयोगपूर्ण व्यवहार करते हुए अशोभनीय प्रतिक्रिया दी। बाद में सीओ शिवराज सिंह राणा की मौजूदगी में बातचीत के बाद मामला वहीं समाप्त हो गया था। एसओ ने पहचान न पाने की बात स्वीकार करते हुए खेद भी जताया था।
विधायक ने आरोप लगाया कि जब मामला सुलझ चुका था, तब भी कुछ लोगों ने जानबूझकर वीडियो का शुरुआती हिस्सा हटाकर केवल विवाद वाला अंश सोशल मीडिया पर फैला दिया, ताकि जनता में गलत संदेश जाए और उनकी राजनीतिक छवि प्रभावित हो।
विधायक अधिकारी ने चेतावनी दी कि अधूरी और भ्रामक वीडियो प्रसारित करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
घटना सोमवार की है, जब अग्निवीर जवान के अंतिम संस्कार के दौरान विधायक और पाटी थानाध्यक्ष के बीच तीखी बहस हो गई थी। बहसबाजी के बाद विधायक का गुस्से वाला वीडियो वायरल हो गया, जिसने पूरे घटनाक्रम को राजनीतिक रंग दे दिया।
