अग्निपथ योजना के खिलाफ उठी फिर आवाज़: पूर्व सैनिक ने शुरू किया बड़ा हस्ताक्षर अभियान।
दर्पण न्यूज 24*7
देहरादून/लालकुआं। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना को लेकर एक बार फिर विरोध की लहर तेज होती दिख रही है। लालकुआं विधानसभा क्षेत्र के बिंदुखत्ता निवासी पूर्व सैनिक सूबेदार कुंदन सिंह मेहता ने अग्निवीर भर्ती नीति का पुरजोर विरोध करते हुए व्यापक हस्ताक्षर अभियान शुरू कर दिया है।
पूर्व सैनिक का कहना है कि सेना में भर्ती हमेशा की तरह नियमित प्रक्रिया से ही होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि अग्निपथ योजना युवाओं के सपनों पर कुठाराघात है।
कुंदन सिंह मेहता का कहना है— “देश सेवा का सपना लेकर युवा वर्षों तक तैयारी करते हैं। लेकिन इस योजना में सिर्फ चार साल की सेवा के बाद उन्हें रिटायर कर देना उचित नहीं है। यह न तो युवाओं के भविष्य के हित में है और न ही सेना की मजबूती के लिए सही है।”
उन्होंने बताया कि स्थानीय युवाओं और पूर्व सैनिकों का भी इस योजना के प्रति विरोध बढ़ रहा है। इसी को देखते हुए उन्होंने हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की है, जो आने वाले दिनों में और तेज होगा। मेहता का कहना है कि यह आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार योजना को वापस नहीं ले लेती।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अग्निपथ योजना से युवाओं के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बढ़ी है। बड़ी संख्या में लोग इस हस्ताक्षर अभियान से जुड़ रहे हैं।
अभियान के बढ़ते प्रभाव के साथ क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी इस मुद्दे पर चर्चा तेज हो गई है।
