टनकपुर–नांदेड़ साहिब रेल सेवा को मंजूरी, उत्तराखंड के श्रद्धालुओं में हर्ष—नानकमत्ता गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी ने CM धामी का जताया आभार
देवभूमि उत्तराखंड और सिख समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई है। केंद्र सरकार ने टनकपुर (उत्तराखंड) से तख्त श्री नांदेड़ साहिब (महाराष्ट्र) तक नई रेल सेवा शुरू करने को स्वीकृति दे दी है। यह फैसला नांदेड़ साहिब की यात्रा को उत्तराखंड के हजारों श्रद्धालुओं के लिए बेहद सुगम, सुविधाजनक और सुरक्षित बनाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस ऐतिहासिक निर्णय पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह कदम न केवल उत्तराखंड के सिख समुदाय की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करता है, बल्कि राज्य के धार्मिक पर्यटन को नई गति भी देगा।
सीएम धामी ने कहा कि टनकपुर से प्रस्तावित रेल सेवा से तराई क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश के श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा। यह रेल संपर्क सामाजिक व सांस्कृतिक एकता को मजबूत करेगा और उत्तराखंड को राष्ट्रीय धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक मजबूती से स्थापित करेगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार राज्य के सर्वांगीण विकास को लेकर निरंतर प्रयासरत है। नई रेल सुविधा से उत्तराखंड की कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ ही व्यापार, पर्यटन एवं सांस्कृतिक यात्राओं को भी बढ़ावा मिलेगा।
इधर नानकमत्ता गुरुद्वारा प्रबंध कमेटी ने भी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय सिख समाज के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है और इससे श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
