खबरें शेयर करें -

 

जनगणना में अब जनता की भागीदारी की बारी! 30 नवंबर तक खुद दर्ज करें अपना ब्योरा, देहरादून में जागरूकता अभियान तेज।

500 कर्मचारियों वाले सुविधा स्टोर नेटवर्क को अभियान से जोड़ा, डॉ. वरुण अग्रवाल ने संभाली जनजागरूकता की कमान।

दर्पण न्यूज 24/7 | देहरादून।

जनगणना केवल सरकारी आंकड़ों का संकलन नहीं, बल्कि देश के भविष्य की विकास योजनाओं का आधार है। इसी महत्व को आमजन तक पहुंचाने के लिए देहरादून में जनगणना 2026-27 को लेकर जनजागरूकता अभियान तेज कर दिया गया है। इस बार डिजिटल स्वगणना के जरिए नागरिकों को खुद अपनी जानकारी दर्ज करने का अवसर दिया जा रहा है। नगर निगम का प्रयास है कि जनगणना अभियान सरकारी दफ्तरों तक सीमित न रहे, बल्कि संस्थानों से लेकर आम नागरिकों तक इसकी पहुंच सुनिश्चित हो।

इसी कड़ी में नगर निगम देहरादून के चार्ज-4 के जनगणना अधिकारी एवं वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल ने जिला जनगणना निदेशालय के प्रदीप यादव के साथ बुधवार को सुविधा स्टोर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान स्टोर संचालक अनिल गुप्ता और मानव संसाधन विभाग के अधिकारियों को जनगणना के राष्ट्रीय महत्व तथा स्वगणना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

देहरादून के विभिन्न वार्डों में अनेक शाखाओं का संचालन करने वाले सुविधा स्टोर में करीब 500 कर्मचारी कार्यरत हैं। ऐसे में संस्थान को अभियान से जोड़ना जनजागरूकता के लिहाज से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों ने संस्थान प्रबंधन से कर्मचारियों को स्वगणना के लिए प्रेरित करने और उनके माध्यम से आम लोगों तक भी जनगणना का संदेश पहुंचाने की अपील की।

अभियान के दौरान बताया गया कि नागरिक डिजिटल माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर जनगणना प्रक्रिया में भागीदारी कर सकते हैं। स्वगणना की निर्धारित अवधि 16 से 30 नवंबर 2026 तक है। ऐसे में नागरिकों से अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना समय रहते अपनी स्वगणना पूरी करने की अपील की जा रही है।

सुविधा स्टोर के संचालक अनिल गुप्ता एवं उनकी टीम ने जनगणना के राष्ट्रीय महत्व को समझते हुए अभियान में पूरा सहयोग देने का भरोसा जताया। उन्होंने संस्थान से जुड़े सभी कर्मचारियों की स्वगणना 30 नवंबर से पहले पूरी कराने के साथ ही अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

इस अवसर पर विनय अग्रवाल, जिला जनगणना निदेशालय के प्रदीप यादव, सुविधा स्टोर के मानव संसाधन विभाग के अधिकारी तथा अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

नगर निगम देहरादून के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी एवं चार्ज-4 के जनगणना अधिकारी डॉ. वरुण अग्रवाल के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों को जनगणना प्रक्रिया से जोड़ना है। साफ है कि जनगणना की सफलता केवल सरकारी मशीनरी पर निर्भर नहीं करती, बल्कि इसमें प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। आखिर सही आंकड़े ही भविष्य की योजनाओं और विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उत्तराखंड