35 साल का औद्योगिक सपना फिर लेगा करवट! रानीबाग की एचएमटी भूमि पर मिनी सिडकुल से आईटी हब तक की तैयारी!
बंद पड़ी फैक्ट्री की 91 एकड़ जमीन पर विकास का खाका तैयार, जिला उद्योग केंद्र ने शासन को भेजा प्रस्ताव, मंजूरी मिली तो कुमाऊं में खुलेंगे रोजगार और निवेश के नए रास्ते!
दर्पण न्यूज 24/7 | भीमताल।
कभी लाखों घड़ियों की टिक-टिक से गूंजने वाली रानीबाग की एचएमटी फैक्ट्री आज भले ही खामोशी और बदहाली की तस्वीर बन चुकी हो, लेकिन अब इस औद्योगिक विरासत के दिन फिर बहुरने की उम्मीद जगी है। वर्षों से वीरान पड़ी एचएमटी की 91 एकड़ भूमि को दोबारा विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की तैयारी शुरू हो गई है। यहां मिनी सिडकुल, रोप-वे स्टेशन, आईटी हब और फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। अब निगाहें शासन की मंजूरी पर टिकी हैं।
जिला उद्योग केंद्र की ओर से तैयार इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिलती है तो रानीबाग की पहचान केवल बंद पड़ी औद्योगिक इकाई तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यह क्षेत्र उद्योग, निवेश, पर्यटन और रोजगार की नई संभावनाओं का केंद्र बन सकता है। खासकर कुमाऊं के युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण साबित हो सकती है। हालांकि, प्रस्ताव अभी शासन स्तर पर विचाराधीन है और इसके धरातल पर उतरने को लेकर अंतिम तस्वीर मंजूरी के बाद ही साफ होगी।
इंदिरा गांधी के कार्यकाल में मिली मंजूरी, राजीव गांधी ने किया था उद्घाटनl
रानीबाग की एचएमटी फैक्ट्री का इतिहास उत्तराखंड के औद्योगिक विकास की एक महत्वपूर्ण कहानी रहा है। वर्ष 1982 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के कार्यकाल में इस परियोजना को मंजूरी मिली थी। वर्ष 1985 में तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने फैक्ट्री का उद्घाटन किया था। तत्कालीन केंद्रीय उद्योग मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. नारायण दत्त तिवारी के ड्रीम प्रोजेक्ट के रूप में स्थापित इस कारखाने ने एक दौर में देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई थी।
फैक्ट्री के स्वर्णिम दौर में हर साल करीब 16 से 18 लाख घड़ियों का उत्पादन होता था। बाजार में एचएमटी की घड़ियों की जबरदस्त मांग थी और यह ब्रांड देश के घर-घर तक पहुंच चुका था। करीब 91 एकड़ में फैले घड़ी कारखाने और आवासीय परिसर में कभी 1246 कर्मचारी काम करते थे। यह इकाई केवल उत्पादन का केंद्र नहीं थी, बल्कि आसपास के क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों का भी बड़ा आधार थी।
कुप्रबंधन और प्रतिस्पर्धा ने थामी रफ्तार, 2016 में हमेशा के लिए बंद हुआ कारखाना!
समय बदला और एचएमटी की चमक धीरे-धीरे फीकी पड़ने लगी। कुप्रबंधन, बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा और आर्थिक संकट के चलते वर्ष 1993-94 से फैक्ट्री घाटे में जाने लगी। वर्ष 2000 के आसपास इसके भविष्य पर संकट गहराने लगा और आखिरकार वर्ष 2016 में प्रबंधन ने कारखाने को हमेशा के लिए बंद कर दिया। बंदी के समय भी यहां 512 कर्मचारी कार्यरत थे।
इसके बाद कभी मशीनों की आवाज और कर्मचारियों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाला परिसर धीरे-धीरे वीरान होता चला गया। एक समय क्षेत्र की औद्योगिक पहचान रही यह भूमि वर्षों से अपने नए उपयोग और पुनर्जीवन की राह देख रही है।
अब सवाल सिर्फ जमीन के इस्तेमाल का नहीं, रोजगार के भविष्य का भी!
रानीबाग की एचएमटी भूमि पर प्रस्तावित योजनाएं यदि मंजूरी के बाद जमीन पर उतरती हैं तो इसका असर केवल रानीबाग तक सीमित नहीं रहेगा। मिनी सिडकुल से औद्योगिक निवेश, आईटी हब से तकनीकी रोजगार, फूड प्रोसेसिंग यूनिट से स्थानीय कृषि उत्पादों को बाजार और रोप-वे स्टेशन से पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावनाएं हैं।
लेकिन फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि वर्षों से खाली पड़ी इस बेशकीमती औद्योगिक भूमि को लेकर तैयार विकास का खाका कब तक सरकारी फाइलों से बाहर आएगा? क्या रानीबाग एक बार फिर औद्योगिक गतिविधियों का केंद्र बन पाएगा या रोजगार और विकास की उम्मीदें एक बार फिर मंजूरी की प्रतीक्षा में रह जाएंगी?
कभी देश को लाखों घड़ियां देने वाली एचएमटी की जमीन अब कुमाऊं के युवाओं के भविष्य की नई उम्मीद बनकर सामने है। अब देखना यह है कि इस जमीन पर विकास की नई इबारत कब लिखी जाती है।

