बिंदुखत्ता में तहसीलदार का एक बयान और भड़क उठा संग्राम! वनभूमि बताकर प्रमाण पत्र सत्यापन से इनकार, ग्रामीणों ने दागे तीखे सवाल!
मुख्यमंत्री के दौरे के बाद बदले प्रशासनिक रुख का आरोप, वन अधिकार संगठन ने पूछा—बिंदुखत्ता वनभूमि है तो पेंशन, आईटीआई और सरकारी योजनाएं किस आधार पर?
दर्पण न्यूज 24/7 | लालकुआं।
बिंदुखत्ता में राजस्व गांव का मुद्दा अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि तहसील प्रशासन के एक कथित बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया। एक तरफ हजारों परिवार वर्षों से अपने गांव को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं, दूसरी तरफ अब एक ग्रामीण के बिजली कनेक्शन की राह में निवास प्रमाण पत्र का सत्यापन ही अटक गया। आरोप है कि तहसीलदार ने बिंदुखत्ता को वन भूमि क्षेत्र बताते हुए सत्यापन से इनकार कर दिया। बस फिर क्या था, तहसीलदार कार्यालय में वन अधिकार संगठन के पदाधिकारियों ने सवालों की ऐसी बौछार की कि मामला प्रशासनिक व्यवस्था से लेकर बिंदुखत्ता के अस्तित्व तक पहुंच गया।
मामला पश्चिमी राजीव नगर निवासी वीरेंद्र सिंह का है। उन्होंने नए विद्युत कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। इसके लिए निवास प्रमाण पत्र के सत्यापन की जरूरत पड़ी तो वह तहसील पहुंचे। आरोप है कि तहसीलदार भूपाल सिंह मटियानी ने बिंदुखत्ता को वन भूमि क्षेत्र बताते हुए सत्यापन करने से इनकार कर दिया। उनका कहना था कि बिजली कनेक्शन से राजस्व विभाग का कोई लेना-देना नहीं है और यह काम विद्युत विभाग को करना चाहिए।
इसकी भनक लगते ही वन अधिकार संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता तहसीलदार कार्यालय पहुंच गए। वहां सवाल सिर्फ एक प्रमाण पत्र का नहीं रहा, बल्कि बिंदुखत्ता की प्रशासनिक पहचान और सरकारी सुविधाओं की वैधता पर बहस छिड़ गई।
संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष भरत नेगी ने मुख्यमंत्री के दौरे का हवाला देते हुए सवाल उठाया कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले ग्रामीणों के प्रति प्रशासन का रुख सकारात्मक था, लेकिन उनके जाते ही तेवर कैसे बदल गए? यदि बिंदुखत्ता वन भूमि क्षेत्र है तो फिर यहां वर्षों से सरकारी योजनाएं और सुविधाएं किस आधार पर संचालित हो रही हैं?
वन अधिकार समिति के अध्यक्ष अर्जुन नाथ गोस्वामी ने भी दो टूक सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यदि बिंदुखत्ता अतिक्रमण क्षेत्र है तो फिर यहां पेंशन योजनाएं बंद कर दीजिए, निवास और जाति प्रमाण पत्र जारी करना बंद कर दीजिए और आईटीआई सहित तमाम सरकारी व्यवस्थाओं पर भी रोक लगा दीजिए। जब सरकार के विभाग यहां काम कर रहे हैं तो फिर आम ग्रामीणों के व्यक्तिगत कार्यों में अड़चन क्यों?
संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि बिंदुखत्ता के लोग वर्षों से राजस्व गांव की मांग को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में कभी सरकारी सुविधाओं का लाभ देना और कभी वन भूमि का हवाला देकर ग्रामीणों के काम रोकने जैसी स्थिति पैदा होना गंभीर सवाल खड़े करती है। अधिकारियों को नियमों के तहत काम करना चाहिए, लेकिन नियमों की आड़ में ग्रामीणों को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।
वन अधिकार संगठन ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यह स्पष्ट करने की मांग की है कि आखिर किस नियम के तहत निवास प्रमाण पत्र के सत्यापन से इनकार किया गया।
उधर, तहसीलदार भूपाल सिंह मटियानी का कहना है कि नियमानुसार अब तक जिस प्रकार प्रमाण पत्र बनाए जा रहे थे, उसी प्रकार आगे भी बनाए जाते रहेंगे।
अब बिंदुखत्ता में सवाल यह है कि आखिर ग्रामीणों की पहचान और उनके बुनियादी कामकाज का रास्ता किस नियम से तय होगा? राजस्व गांव का दर्जा अभी दूर है, लेकिन क्या तब तक एक बिजली कनेक्शन के लिए भी ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ेंगे?

