खबरें शेयर करें -

“बिंदुखत्ता का लाल बना लेफ्टिनेंट, आनंद नाथ गोस्वामी ने फहराया सफलता का परचम… गांव में जश्न का माहौल”

लालकुआं।
बिंदुखत्ता के इन्द्रानगर द्वितीय निवासी आनंद नाथ गोस्वामी पुत्र नारायण नाथ गोस्वामी ने भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। बचपन से ही सेना में अधिकारी बनने का सपना देखने वाले आनंद ने कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर यह मुकाम हासिल किया। उनके लेफ्टिनेंट बनने की खबर से गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है और बधाई देने वालों का तांता लग गया है।

जानकारी के अनुसार आनंद ने 12वीं तक की शिक्षा राजकीय इंटर कॉलेज, लालकुआं से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने एमबीपीजी कॉलेज, हल्द्वानी से स्नातक किया। वर्ष 2008 में आर्मी में भर्ती होकर उन्होंने भारतीय सेना की वायु रक्षा रेजीमेंट में अपनी सेवाएं दीं। लेकिन उनका लक्ष्य यहीं पूरा नहीं होता था—उन्हें सेना में अधिकारी बनकर देश सेवा का बड़ा सपना साकार करना था।

सेवा के दौरान ही आनंद ने पढ़ाई जारी रखी और पूरी लगन के साथ एसएसबी (सर्विस सिलेक्शन बोर्ड) की तैयारी की। उन्होंने सेंचुरियन डिफेंस एकेडमी, देहरादून में शिशिर दीक्षित के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण लिया। अंततः उन्होंने एसएसबी पास कर भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया। आनंद ने अपनी सैन्य प्रशिक्षण भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए), देहरादून से पूरी की।

आनंद अब बतौर लेफ्टिनेंट भारतीय सेना में सेवाएं देने के लिए तैयार हैं। बेटे की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। पिता नारायण नाथ गोस्वामी, जो स्वयं भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं, और माता गोविंदी देवी, जो गृहणी हैं—दोनों गर्व से भावुक हैं।

गांव के लोग भी आनंद की इस शानदार उपलब्धि पर बेहद उत्साहित हैं और लगातार उनके घर पहुंचकर शुभकामनाएं दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड