खबरें शेयर करें -

उत्तराखंड में बढ़ी शीतलहर की दस्तक! पहाड़ों में बर्फबारी की संभावना, मैदानी क्षेत्रों में भी छाया कोहरे का असर

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दी है। जहां अब तक सुबह-शाम ही ठंड का असर दिख रहा था, वहीं अब दिन में भी शीतलहर अपना जोर दिखाने लगी है। पर्वतीय क्षेत्रों में सुबह-शाम घना कोहरा छा रहा है, जबकि मैदानी और तराई क्षेत्रों में भी कोहरे की चादर लिपटने लगी है। हालात को देखते हुए प्रशासन ने कई स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शुरू कर दी है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की वर्षा या बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। 3200 मीटर से अधिक ऊँचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार अधिक हैं। जबकि राज्य के बाकी हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा।

इसी के साथ मौसम विभाग ने बताया कि अगले 1–2 दिनों में न्यूनतम तापमान में 1–2°C की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन उसके बाद 2–3 दिनों में तापमान 2–4°C तक गिरने की पूरी संभावना है।

इस सप्ताह पहाड़ी क्षेत्रों की कई घाटियों में हल्के से मध्यम कोहरे की स्थिति बने रहने की आशंका है, जबकि अन्य जनपदों में मौसम शुष्क ही रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि ठंड से बचाव के लिए आवश्यक सतर्कता बरतें, खासतौर पर सुबह और शाम के समय यात्रा करते समय कोहरे से सावधान रहें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड