खबरें शेयर करें -

कपकोट को सीएम धामी ने दी करोड़ों की सौगात,

बागेश्वर। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी अपने दो दिवसीय जनपद दौरे के रविवार को विधान सभा कपकोट के केदारेश्वर मैदान में आयोजित जन सभा स्थल पहुंचे। यहां सीएम धामी ने विभिन्न विभागों के 108 करोड़ 11 लाख के कुल 42 परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। यह योजनाएं जिले के सड़क, पेयजल, ऊर्जा, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, युवा कल्याण और शहरी विकास आदि से संबंधित थी। जिसके बाद सीएम का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।

कपकोट के केदारेश्वर मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए तेजी से कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जनपद दो प्रोडेक्ट योजना के तहत जिले की कीवी एवं ताम्र शिल्प को आज देश के साथ ही अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मिल रही है। उन्होंने कहा बागेश्वर जिले में स्वीकृत योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में कनेक्टिविटी बढ़ेगी, पेयजल आपूर्ति में सुधार आएगा, स्वास्थ्य सुविधाएं मजबूत होंगी और

युवाओं के लिए खेल एवं प्रशिक्षण के नए अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि आज जिन योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है, उन सभी योजनाओं से जिले का समग्र विकास होगा। जिले में बेहतर सड़क सुधार एवं निर्माण परियोजनाएं, ग्रामीण और शहरी पेयजल योजनाएं, विद्युत लाइन सुदृढ़ीकरण के साथ साथ राजकीय विद्यालयों में नए कक्षा-कक्ष, प्रयोगशालाएं और खेल सुविधाएं, स्वास्थ्य विभाग की आवासीय व अन्य संरचनाएं, नगर पंचायत क्षेत्र में आधारभूत ढांचा विकास तथा कृषि एवं पशुपालन जैसी में मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज केंद्र सरकार द्वारा किसी योजना के लिए केंद्र से एक रुपया भेजा जाता है तो वह सीधे लाभार्थी तक पूर्ण रूप से एक रुपए के रूप में उनके खाते में पहुंच रहा है। जो देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपलब्धि जबकि पूर्व में कांग्रेस सरकार द्वारा कहा जाता था जब केंद्र से एक रुपया भेजा जाता है तो लाभार्थी तक 15 पैसे ही पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि आज राज्य सरकार हर हाथ को काम, हर युवा युवतियों को रोजगार देने के लिए प्रयास कर रही है। जिसके परिणाम स्वरूप पलायन योजना के आंकड़ों के अनुसार गत वर्ष में राज्य में छह हजार से अधिक लोग रिवर्स पलायन कर अपने घरों में पहुंचे हैं। है।

धामी ने कहा कि राज्य में किसी भी प्रकार के जिहाद को पनपने नहीं दिया जाएगा। जिसके लिए सरकार ने धर्मांतरण कानून, लैंड जिहाद, थूक जिहाद, पर कड़े कानून बनाए है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज सरकार ने अतिक्रमणकरियों से कई हजार हेक्टेयर भूमि वापस की है। राज्य के प्रत्येक ग्राम सभा को सड़क से जोड़ने के लिए कार्ययोजना बनाई जा रही है। राज्य में सशक्त नकल विरोधी कानून, यूसीसी, महिलाओं को 30 प्रतिशत आकर्षण सहित कई अहम फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि घुसपैठियों को राज्य में किसी भी प्रकार का संरक्षण नहीं दिया जाएगा। अंत में उन्होंने जिले के विधायकों, ब्लाक प्रमुखों, एवं अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं से संबंधित पत्रों को स्वीकार करते हुए अवलोकन करने के बाद स्वीकृत देने की बात कही। इस मौके पर विधायक बागेश्वर पार्वती दास कपकोट सुरेश गढ़िया, पूर्व कैबिनेट मंत्री बलवंत सिंह भौर्याल, दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट और भूपेश उपाध्याय, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या, जिलाध्यक्ष प्रभा गढ़िया, जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे, सांसद प्रतिनिधि बिक्रम शाही, ब्लॉक प्रमुख भावना गढ़िया, बसंती देव, संजय परिहार सहित जिले के अधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन राजेंद्र राठौर ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड