खबरें शेयर करें -

धामी के नैनीताल दौरे से पहले पुलिस अलर्ट मोड में, एसएसपी ने कसी तैयारियों की लगाम !

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की 12 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित नैनीताल यात्रा को देखते हुए जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क मोड में आ गई है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने सभी प्रमुख पुलिस अधिकारियों की बैठक कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “मुख्यमंत्री जी के भ्रमण कार्यक्रम को सुरक्षित और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

बैठक में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को ध्यान में रखते हुए यातायात, सुरक्षा, पार्किंग, हेलीपैड प्रबंधन और कानून व्यवस्था से जुड़ी सभी तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। एसएसपी ने निर्देश दिए कि शहर के सभी मार्गों पर सुचारू ट्रैफिक सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता अनुसार रूट डायवर्जन और नो-पार्किंग व्यवस्था लागू की जाए, ताकि वीआईपी मूवमेंट में किसी प्रकार की बाधा न आए। महत्वपूर्ण स्थानों पर उचित पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के भी निर्देश दिए गए।

हेलीपैड क्षेत्र में अतिरिक्त फोर्स, रिहर्सल ड्रिल और संवेदनशील बिंदुओं पर सख्त सुरक्षा तैनाती के आदेश दिए गए। इसके साथ ही भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों पर निगरानी और आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए टीमों को चौकन्ना रहने को कहा गया। एसएसपी ने अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग तेज करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

कार्यक्रम में तैनात सभी पुलिस कर्मियों को स्पष्ट ड्यूटी ब्रीफिंग देने, हर प्वॉइंट पर जिम्मेदारी फिक्स करने और संवेदनशील क्षेत्रों में चेकिंग एवं फ्रिस्किंग को और सख्त करने के निर्देश दिए गए। वाहन सत्यापन, एंटी-सबोटाज चेक और संदिग्ध व्यक्तियों व सामान की गहन जांच को अनिवार्य किया जाएगा।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा, एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसपी संचार रेवाधर मठपाल, सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ नैनीताल रविकांत सेमवाल, सीओ रामनगर सुमित पांडे सहित विभिन्न थानों के प्रभारी निरीक्षक, एलआईयू अधिकारी, वाचक, स्टेनो, पीआरओ और एसआई एमटी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड