खबरें शेयर करें -

हिंदूवादी नेता कमल मुनि को धमकी देने वाला महाराष्ट्र से दबोचा, धर्म की आड़ में नफरत फैलाने वाले पर हल्द्वानी पुलिस का शिकंजा!

हजारों किलोमीटर दूर तक पीछा कर आरोपी को किया गिरफ्तार , मोबाइल फोन बरामद,

समाज में वैमनस्य फैलाने वालों को नहीं बख्शेंगे। एसएसपी नैनीताल।

दर्पण न्यूज 24/7 हल्द्वानी। वरिष्ठ भाजपा हिंदूवादी नेता एवं  कमल मुनि के नाम से चर्चित कमल जोशी को फोन पर गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और धार्मिक भावनाएं भड़काने वाले शब्दों का इस्तेमाल करने वाले आरोपी को हल्द्वानी पुलिस ने महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ संदेश दिया है कि धर्म की आड़ में नफरत फैलाने और कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

जानकारी के अनुसार 5 जून 2026 को गौजाजाली बिचली, पुरानी आईटीआई निवासी कमल जोशी ने थाना हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया था कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके मोबाइल पर फोन कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया, जान से मारने की धमकी दी और धार्मिक भावनाएं भड़काने का प्रयास किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने घटना के शीघ्र खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा कोतवाली प्रभारी विजय मेहता के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल डाटा और मैन्युअल इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस को आरोपी के महाराष्ट्र में होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम ने लगातार पीछा करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि आरोपी ट्रक चालक है और महाराष्ट्र के वासिम जिले का रहने वाला है। विवेचना के दौरान मामले में बीएनएस की अन्य गंभीर धाराएं भी बढ़ाई गईं।

पुलिस ने 23 जून को आरोपी रहीम गुल खान उर्फ वसीम खान (35 वर्ष) निवासी हिवारा लोहिला, थाना वासिम ग्रामीण, जिला वासिम (महाराष्ट्र) को पंतनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त Xiaomi 11 Lite NE मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि राजनीतिक या अन्य किसी विवाद को धर्म से जोड़कर समाज में वैमनस्य फैलाने, धमकी देने अथवा शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नैनीताल पुलिस कठोर कानूनी कार्रवाई करेगी। ऐसे तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस टीम में चौकी प्रभारी मंडी उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार और कांस्टेबल अरुण राणा शामिल रहे।

दर्पण न्यूज 24/7

 

उत्तराखंड