खबरें शेयर करें -

नैनीताल रोड पर अनियंत्रित स्कूटी डिवाइडर से टकराई, मंडी कर्मी युवक की गई जान, साथी गंभीर घायल।

हल्द्वानी। शहर में एक बार फिर तेज रफ्तार ने जान ले ली। नैनीताल रोड पर शुक्रवार देर रात दर्दनाक हादसे में मंडी में काम करने वाले एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बृजलाल अस्पताल के पास हुआ, जहां अनियंत्रित स्कूटी डिवाइडर से जा टकराई।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 24 वर्षीय शिवम पटेल निवासी फतेहपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। शिवम हल्द्वानी मंडी में कार्यरत थे। शुक्रवार रात वह अपने दोस्त के साथ काठगोदाम घूमने गए थे। लौटते समय स्कूटी शिवम चला रहे थे।

नैनीताल रोड पर अचानक संतुलन बिगड़ने से स्कूटी डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया। शिवम को पहले एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। हादसे में घायल दूसरे युवक की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

उत्तराखंड