हल्दूचौड़ चौकी पुलिस का नशे पर करारा वार, अब कच्ची शराब ‘क्वीन’ पुलिस गिरफ्त में। 43 पाउच बरामद।
हल्दूचौड़।
नशे के सौदागरों के खिलाफ हल्दूचौड़ चौकी पुलिस का अभियान अब निर्णायक मोड़ पर पहुंचता दिख रहा है। चौकी इंचार्ज शंकर नयाल की सख्त कार्यशैली और सक्रिय नेतृत्व में पुलिस लगातार अवैध शराब कारोबारियों की कमर तोड़ रही है।
विगत दिवस खड़कपुर क्षेत्र में देशी व अंग्रेजी शराब माफिया को हिरासत में लेने के बाद आज पुलिस ने जयपुर बीसा में बड़ी सफलता हासिल की। लंबे समय से अवैध कच्ची शराब के कारोबार में लिप्त अधेड़ महिला कमल कौर पत्नी राम सिंह को पुलिस ने 43 पाउच कच्ची शराब के साथ रंगे हाथों दबोच लिया। बताया जा रहा है कि महिला काफी समय से क्षेत्र में चोरी-छिपे कच्ची शराब की सप्लाई कर रही थी।
यह कार्रवाई मोबाइल पेट्रोलिंग टीम की सतर्कता का नतीजा रही, जिसने समय रहते महिला को दबोचकर एक बड़े अवैध नेटवर्क पर लगाम लगाने का काम किया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पूरी कार्रवाई में चौकी इंचार्ज शंकर नयाल की भूमिका सराहनीय रही, जिनके स्पष्ट निर्देशों और सख्त निगरानी के चलते पुलिस टीम को लगातार सफलता मिल रही है। अभियान के दौरान कांस्टेबल मनीष कुमार, गुरमेज सिंह और कुबेर राणासहित मौजूद रहे।
चौकी पुलिस ने साफ संकेत दिए हैं कि हल्दूचौड़ क्षेत्र को नशामुक्त बनाने की मुहिम जारी रहेगी और अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
