तीन नाबालिग छात्राओं के एक साथ लापता होने से मचा हड़कंप, पुलिस को मिले अहम सुराग
लालकुआं। बिंदुखत्ता के घोड़ानाला स्थित राजकीय इंटर कॉलेज घोड़ानाला में अध्ययनरत कक्षा 10 की तीन नाबालिग छात्राएं शनिवार को स्कूल जाने के लिए घर से निकलीं, लेकिन शाम तक घर वापस नहीं लौटीं। इससे परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने लालकुआं कोतवाली में तीनों छात्राओं की गुमशुदगी दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घोड़ानाला क्षेत्र के अलग-अलग परिवारों से ताल्लुक रखने वाली तीनों छात्राएं शनिवार की सुबह अन्य बच्चों के साथ घर से स्कूल के लिए निकली थीं। शाम तक जब वे घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने पहले आसपास तलाश की और सहपाठियों से पूछताछ की। बातचीत में पता चला कि उक्त छात्राएं उस दिन स्कूल पहुंची ही नहीं थीं। यह जानकारी मिलते ही परिजनों की चिंता और बढ़ गई।
इसके बाद आनन-फानन में परिजनों ने लालकुआं कोतवाली पहुंचकर मामले की सूचना दी, जिस पर पुलिस ने तीनों छात्राओं की गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एक साथ तीन नाबालिग छात्राओं के लापता होने की सूचना से पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि पुलिस सर्विलांस की मदद से बालिकाओं की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि मामले में कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं और जल्द ही तीनों छात्राओं को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि तीनों छात्राओं की उम्र 14 से 15 वर्ष के बीच है।
