खबरें शेयर करें -

रूस-यूक्रेन युद्ध में उत्तराखंड का लाल शहीद, सितारगंज के राकेश ने विदेश में दी जान।
सितारगंज।
रूस-यूक्रेन युद्ध से एक दर्दनाक खबर सामने आई है। उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के सितारगंज विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत शक्तिफार्म निवासी राकेश कुमार (24) की रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान शहादत हो गई। राकेश पढ़ाई के लिए स्टडी वीजा पर रूस गया था, लेकिन हालात ऐसे बने कि उसे जबरन रूसी सेना में भर्ती कर लिया गया।

परिजनों के अनुसार, रूस पहुंचने के कुछ समय बाद ही राकेश का वीजा और पासपोर्ट जब्त कर लिया गया और उसे युद्ध क्षेत्र में भेज दिया गया। जब यह जानकारी परिवार को मिली तो घर में कोहराम मच गया। बेटे को सुरक्षित वापस लाने के लिए परिजन दिल्ली पहुंचे और भारत सरकार के अधिकारियों से मुलाकात कर गुहार लगाई। अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही राकेश को स्वदेश वापस लाया जाएगा।

करीब 10 दिन पहले अधिकारियों ने परिवार से संपर्क कर राकेश के शहीद होने की सूचना दी। यह खबर मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। विदेश में बेटे की मौत की खबर से मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है।

राकेश कुमार का पार्थिव शरीर भारत लाए जाने के बाद सितारगंज के शक्तिफार्म में पूरे सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और शुभचिंतक शामिल हुए। हर आंख नम थी और हर जुबान पर एक ही सवाल—पढ़ाई के लिए गया युवक युद्ध का शिकार कैसे बना?

इस घटना ने एक बार फिर विदेश में फंसे भारतीय युवाओं की सुरक्षा और एजेंटों की भूमिका पर सवाल खड़े कर दिए हैं। क्षेत्रवासियों ने शहीद राकेश को श्रद्धांजलि देते हुए सरकार से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

उत्तराखंड