खबरें शेयर करें -

नैनीताल को विकास की सौगात: सीएम धामी ने 121.52 करोड़ की 13 योजनाओं का किया लोकार्पण–शिलान्यास, पार्किंग से पर्यटन तक बदलेगा शहर का चेहरा।

दर्पण न्यूज 24/7

नैनीताल
मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को नैनीताल दौरे के दौरान जनपद को 121 करोड़ 52 लाख 46 हजार रुपये की लागत से तैयार 13 महत्वपूर्ण विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर 30 करोड़ 66 लाख रुपये की लागत से दो योजनाओं का लोकार्पण तथा 90 करोड़ 86 लाख 46 हजार रुपये की लागत से 11 योजनाओं का शिलान्यास किया गया। साथ ही 42 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये की लागत से बनने वाली बहुप्रतीक्षित मेट्रोपोल सर्फेस पार्किंग का भूमि पूजन भी किया गया।
लोकार्पण की गई प्रमुख योजनाओं में 29 करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से विकसित सूखाताल झील को रिचार्जिंग जोन व टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में तैयार किया गया है। परियोजना के तहत दो झीलों का निर्माण, उनके बीच डक्ट, जल शुद्धता के लिए एयरेशन प्लांट, नौ दुकानों का निर्माण, शौचालय ब्लॉक, मुख्य मार्ग से लिफ्ट व ट्रांजिट भवन तथा झील के चारों ओर पैदल पथ का निर्माण किया गया है।
इसके अतिरिक्त 1 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से हल्द्वानी के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में पुस्तकालय की संरचनात्मक दृढ़ता व पुनरुद्धार का कार्य कराया गया।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 11 विकास योजनाओं का शिलान्यास भी किया। इनमें बेतालघाट में 9.63 करोड़ रुपये से प्री-स्ट्रेस सेतु निर्माण, नैनीताल तल्लीताल में 34.03 करोड़ रुपये से ऑटोमेटेड मैकेनाइज्ड मल्टीलेवल पार्किंग (202 चार पहिया व 96 दो पहिया वाहन क्षमता), रामनगर में 38.57 करोड़ रुपये से बहुमंजिला पार्किंग (343 वाहन व 16 दुकानें) प्रमुख हैं।
इसके साथ ही रामनगर में पेयजल नलकूपों हेतु सर्वो वोल्टेज स्टेबलाइजर, बेतालघाट में लिफ्ट सिंचाई योजना, हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी व रामनगर विधानसभा क्षेत्रों में विद्यालयों की मरम्मत व निर्माण, गोला नदी के दानीजाला में रिवर क्रॉसिंग केबल निर्माण सहित कई जनोपयोगी कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि ये सभी योजनाएं नैनीताल के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार, रोजगार सृजन और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य समयबद्ध और गुणवत्ता युक्त तरीके से पूर्ण किए जाएं।
इस अवसर पर विधायक नैनीताल सरिता आर्या, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दायित्वधारी डॉ. अनिल कपूर डब्बू, दिनेश आर्या, नवीन वर्मा, मंडी परिषद सलाहकार मनोज जोशी, कुमाऊं आयुक्त व मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड