खबरें शेयर करें -

🔥 अंकिता हत्याकांड पर BJP में बगावत! पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ का इस्तीफा, CBI जांच तक अडिग रहने का ऐलान 🔥
ऋषिकेश।
अंकिता भंडारी हत्याकांड को लेकर उत्तराखंड की सियासत एक बार फिर उबाल पर है। यमकेश्वर की पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देकर राजनीतिक भूचाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को भेजने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी सार्वजनिक कर दिया, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
आरती गौड़ ने दो टूक कहा है कि जब तक अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच नहीं कराई जाती, तब तक वह अपने फैसले से पीछे नहीं हटेंगी। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यह मामला किसी पार्टी या राजनीति से ऊपर है, बल्कि न्याय, नैतिकता और पीड़िता के अधिकारों से जुड़ा है।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि अंकिता हत्याकांड को लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे हैं, लेकिन अब तक सीबीआई जांच की मांग को ठंडे बस्ते में डाला गया है। उन्होंने राज्य सरकार से इस संवेदनशील मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित कराने की मांग की।
गौरतलब है कि पूर्व विधायक सुरेश राठौर और उनकी कथित पत्नी उर्मिला सनावर के बीच चल रहे विवाद ने इस हत्याकांड को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है। इस सियासी और व्यक्तिगत टकराव की गूंज अब पूरे प्रदेश में सुनाई दे रही है, जिसका असर यमकेश्वर तहसील तक दिखाई देने लगा है।
आरती गौड़ के इस्तीफे का पत्र सोशल मीडिया पर सामने आते ही भाजपा के भीतर असहजता और दबाव साफ नजर आने लगा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह इस्तीफा केवल एक व्यक्ति का विरोध नहीं, बल्कि अंकिता हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग को नई धार देने वाला कदम है, जिससे आने वाले दिनों में सियासत और तेज हो सकती है।

उत्तराखंड