खबरें शेयर करें -

जंगल में धधक रही थीं अवैध शराब की भट्ठियां, आबकारी टीम ने बोला धावा!
तीन सुलगती भट्ठियां ध्वस्त, 120 लीटर कच्ची शराब बरामद; 10 हजार किलो लाहन मौके पर नष्ट, तस्कर फरार!
करन  सतवाल खटीमा।

जंगल की आड़ में कच्ची शराब का कारोबार किस तरह पैर पसार रहा है, इसका खुलासा आबकारी विभाग की छापेमारी में हुआ। किलपुरा रेंज के आलार्विदी गांव से सटे जंगल में नाले के किनारे तीन अवैध शराब की भट्ठियां सुलगती मिलीं। टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए तीनों भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया।
शनिवार को आबकारी आयुक्त एवं जिलाधिकारी के आदेश तथा जिला आबकारी अधिकारी के निर्देश पर रुद्रपुर क्षेत्र-1, खटीमा क्षेत्र-2, देहरादून मुख्यालय और वन विभाग की संयुक्त टीम ने जंगल में दबिश दी। टीम के पहुंचते ही शराब बनाने वालों में हड़कंप मच गया और आरोपी मौके से फरार हो गए।
तलाशी के दौरान टीम ने मौके से करीब 120 लीटर कच्ची शराब बरामद की। इसके अलावा शराब तैयार करने के लिए रखा गया करीब 10 हजार किलोग्राम लाहन भी मौके पर नष्ट कराया गया। नाले के किनारे चल रही तीनों भट्ठियों को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह ने बताया कि छापेमारी की भनक लगते ही कच्ची शराब बनाने वाले आरोपी मौके से भाग निकले। मामले में अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि जंगलों और सुनसान क्षेत्रों में कच्ची शराब के अवैध निर्माण एवं भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
दर्पण न्यूज 24/7

उत्तराखंड