खबरें शेयर करें -

फर्जी ऑडियो साजिश का पर्दाफाश, भाजपा प्रभारी दुष्यंत गौतम का पलटवार।
47 सोशल मीडिया हैंडल्स पर फैलाया गया भ्रामक प्रचार, गृह विभाग से सख्त कार्रवाई की मांग़।
देहरादून।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत गौतम ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ चलाए जा रहे कथित फर्जी और भ्रामक प्रचार को लेकर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे सुनियोजित आपराधिक साजिश करार देते हुए गृह विभाग से कठोर कार्रवाई की मांग की है।
दुष्यंत गौतम ने इस संबंध में गृह सचिव को पत्र भेजकर आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा उनके नाम से फर्जी ऑडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर जानबूझकर वायरल किया जा रहा है। इसका मकसद उनकी सामाजिक और राजनीतिक छवि को नुकसान पहुंचाना है।
47 सोशल मीडिया हैंडल्स की सूची सौंपी
पत्र में उन्होंने स्पष्ट किया कि यह भ्रामक कंटेंट फेसबुक, इंस्टाग्राम, यूट्यूब और एक्स (ट्विटर) जैसे प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से फैलाया गया। उन्होंने ऐसे 47 सोशल मीडिया हैंडल्स और चैनलों की सूची भी गृह सचिव को सौंपी है, जिनके माध्यम से यह फर्जी ऑडियो प्रसारित किया गया।
मानहानि और लोकतंत्र पर हमला
दुष्यंत गौतम ने आरोप लगाया कि यह पूरा अभियान उनकी मानहानि करने के साथ-साथ लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां कानून और संविधान का खुला उल्लंघन हैं।
कंटेंट हटाने और कानूनी कार्रवाई की मांग
भाजपा नेता ने गृह विभाग से मांग की है कि—
सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को तत्काल भ्रामक और फर्जी सामग्री हटाने के निर्देश दिए जाएं।
फर्जी ऑडियो तैयार करने और उसे प्रसारित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।
राजनीतिक गलियारों में इस पूरे मामले को लेकर हलचल तेज हो गई है, वहीं अब सभी की निगाहें गृह विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।

उत्तराखंड