तमंचे की नोंक पर अपहरण, मारपीट और लूट का खुलासा, वायरल वीडियो बना सुराग — रामनगर से 3 आरोपी गिरफ्तार।
दर्पण न्यूज 24/7 रामनगर।
एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तमंचे की नोंक पर अपहरण, मारपीट और लूट की वारदात का खुलासा किया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो को संज्ञान में लेते हुए पुलिस ने त्वरित जांच कर इस सनसनीखेज मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पीड़ित का तमंचा दिखाकर अपहरण किया, उसके साथ बेरहमी से मारपीट की और नगदी व अन्य सामान लूट लिया। घटना का वीडियो किसी व्यक्ति द्वारा बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया, जो पुलिस के लिए अहम सुराग साबित हुआ।
वीडियो के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और रामनगर क्षेत्र में दबिश देकर तीनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में
शुभम कश्यप पुत्र श्री दलीप राम, निवासी मोहल्ला भवानीगंज, छोटी नहर के पास, तहसील रामनगर, जनपद नैनीताल सहित दो अन्य आरोपी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तमंचा, लूट का सामान और अन्य साक्ष्य भी बरामद कर लिए हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट, लूट और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
एसएसपी नैनीताल ने इस सफल खुलासे के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और अफवाहों से बचें।
