कार से 13 लाख का गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार।
सल्ट पुलिस व एसओजी टीम ने चेकिंग के दौरान पकड़ा वाहन।
दर्पण न्यूज 24/7 संवाददाता भिकियासैंण।
जनपद में सल्ट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने गांजा तस्करी का खुलासा करते हुए बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया है। पुलिस ने एक आर्टिगा कार से करीब 13 लाख रुपये का 51.950 किलोग्राम गांजा बरामद कर तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। एसएसपी देवेन्द्र पींचा ने जनपद के सभी थाना, चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सघन चेकिंग कर अवैध रूप से गांजा, चरस और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में सोमवार को प्रभारी एसओजी निरीक्षक भुवन चन्द्र जोशी तथा थानाध्यक्ष सल्ट कश्मीर सिंह के नेतृत्व में टीम ने नैल तिराहा के पास चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान सराईखेत की ओर से आ रही सफेद रंग की आर्टिगा कार संख्या एचआर-38 एबी-9680 को रोका गया। तलाशी लेने पर कार में सवार तीन युवकों के कब्जे से 51.950 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर विशाल सिंह पुत्र चन्द्रभान सिंह निवासी शिव विहार कॉलोनी चिल्किया थाना रामनगर जिला नैनीताल, मोहम्मद अनस पुत्र स्व. अतीक हुसैन निवासी तेलीपुरा बड़ी मस्जिद के पास रामनगर तथा मोहम्मद हासिम पुत्र स्व. खलील अहमद निवासी तेलीपुरा रामनगर जिला नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया। तीनों की उम्र 21 से 22 वर्ष के बीच है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी गांजा सराईखेत से रामनगर की ओर ले जा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ थाना सल्ट में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। साथ ही वाहन को सीज कर दिया गया है। पुलिस गांजा की खरीद-फरोख्त और इसके स्रोतों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। सफल कार्रवाई पर एसएसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये के नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया है। इस कार्रवाई में अपर उप निरीक्षक लखविन्दर सिंह, अपर उप निरीक्षक जयप्रकाश सिंह, हेड कांस्टेबल राजकुमार, हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार और कांस्टेबल गणेश पांडे शामिल रहे।
