सीएम धामी के दरबार में छलका दर्द: अंकिता के माता-पिता ने फिर दोहराई CBI जांच की मांग, बोले—बस न्याय चाहिए!
एक घंटे तक सुनी भावनाएं, सीएम बोले—अंकिता को न्याय दिलाना सरकार की ‘सर्वोच्च प्राथमिकता’
दर्पण न्यूज 24/7ब्यूरो!
देहरादून। बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में बुधवार देर शाम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात के दौरान अंकिता के माता-पिता की आंखें नम हो गईं। मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस महत्वपूर्ण मुलाकात में अंकिता के पिता वीरेंद्र भंडारी और माता सोनी देवी ने अपनी पीड़ा और भावनाएं सीएम के सामने रखीं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उनकी एक ही मांग है—अंकिता को न्याय मिले और पूरे प्रकरण की CBI जांच हो।
मुख्यमंत्री धामी ने पीड़ित परिवार को भरोसा दिया कि उनकी हर मांग पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी और राज्य सरकार हर कदम पर परिवार के साथ खड़ी है। सीएम ने करीब एक घंटे तक माता-पिता की बात बेहद संवेदनशीलता के साथ सुनी और कहा कि अंकिता को न्याय दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी दोहराया कि यदि परिवार चाहता है तो सरकार हर स्तर की जांच कराने को तैयार है।
सूत्र बताते हैं कि अंकिता के माता-पिता ने इस मुलाकात में एक बार फिर सीबीआई जांच की मांग को मजबूती से रखा। हाल के दिनों में मामले को लेकर जो हालात बने हैं, उससे परिवार बेहद आहत है और जल्द न्याय की अपेक्षा कर रहा है।
वहीं सरकार भी अब इस प्रकरण पर गंभीर है और विधिक राय लेने के बाद CBI जांच की दिशा में आगे बढ़ने से पीछे नहीं दिख रही है। अब निगाहें सरकार के अगले कदम और न्यायालय के निर्णय पर टिकी हैं।
