🎉 सुरों-रंगों संग सजी उत्तरायणी की शाम, उत्थान मंच में महोत्सव का अद्भुत आगाज 🎶
दर्पण न्यूज 24/7हल्द्वानी। पर्वतीय सांस्कृतिक उत्थान मंच, हीरानगर में शगुन आखर व गोलज्यू देव की पूजा के साथ उत्तरायणी महोत्सव का रंगारंग शुभारंभ हो गया। गोलज्यू देव के डोले की परिक्रमा के साथ परंपराओं की खुशबू बिखरी तो मंच पर कलाकारों के सुरों ने शाम को यादगार बना दिया।
दोपहर में आयोजित कुमाऊनी नाट्य प्रतियोगिता में देवभूमि एकेडमी प्रथम और एपीएस द्वितीय स्थान पर रहा। शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने किया। लोकगायक अमित गोस्वामी ने कैले बजे मुरुली, काली गंगा को कालो पाणी जैसे लोकप्रिय गीतों से दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया। वहीं हरेंद्र कठायत के गीतों ने भी महोत्सव का माहौल रोमांचित कर दिया।
महोत्सव का विधिवत शुभारंभ मंच के संरक्षक हुकम सिंह कुंवर, बीना कुंवर, अध्यक्ष खड़क सिंह बगड़वाल व गीता बगड़वाल ने पूजा के साथ किया। मौके पर देवेंद्र तोलिया, गोपाल सिंह बिष्ट, त्रिलोक बनौली, शोभा विष्ट, भुवन चंद्र जोशी, धन सिंह बिष्ट, मोहन सिंह बोरा, हेम चंद्र भट्ट सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।
🎪 मेले में रौनक, गर्म कपड़े व पहाड़ी दालों पर खरीदारों की भीड़
महोत्सव के पहले ही दिन खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। महिला उद्यमियों सहित कुल 110 दुकानें सज चुकी हैं, जिनमें सबसे ज्यादा भीड़ गर्म कपड़ों और पहाड़ी दालों के स्टॉल पर देखी गई। धारचूला–मुनस्यारी से आए विक्रेता गर्म कपड़ों के साथ मसाले, जड़ी-बूटियां और शहद भी बेच रहे हैं। उत्थान मंच के सचिव देवेंद्र तोलिया ने बताया कि इस बार 35 दुकानें महिला उद्यमियों को आवंटित की गई हैं। बच्चों के झूले और कुमाऊनी व्यंजनों के स्टॉल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
मेला 15 जनवरी तक इसी तरह उत्साह और उमंग के साथ चलता रहेगा।
