खबरें शेयर करें -

जयपुर बीसा में फटी पेयजल लाइन बनी ‘पानी की नदी’, सिरहाने वाली पुलिया से कई दिनों से बह रहा कीमती जल—विभाग बेखबर।
हल्दूचौड़।
जयपुर बीसा ग्रामसभा के अंतर्गत गंगारामपुर क्षेत्र की सिरहाने वाली पुलिया के पास पेयजल आपूर्ति लाइन फटने से पिछले कई दिनों से कीमती पानी लगातार बह रहा है। मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण पुलिया के नीचे से तेज बहाव में पेयजल निकल रहा है, जिससे एक ओर कीमती जल संसाधन की भारी बर्बादी हो रही है, वहीं दूसरी ओर क्षेत्र में आगामी दिनों में पेयजल संकट गहराने की आशंका भी बढ़ गई है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार घटना की जानकारी संबंधित विभाग को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अभी तक मरम्मत कार्य शुरू नहीं हो पाया है। ग्रामीणों ने विभाग से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि स्थिति में जल्द सुधार नहीं किया गया तो उन्हें मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा।
इस स्थिति का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिखाई दे रहा है कि किस तरह पुलिया के पास लगातार पेयजल बह रहा है। वीडियो में बहते पानी का तेज प्रवाह प्रशासनिक उदासीनता पर भी सवाल खड़ा कर रहा है।

उत्तराखंड