बिंदुखत्ता में 12 से 16 जनवरी तक सजेगा ‘उत्तरायणी कौतिक मेला’ — खेल, संस्कृति और उत्साह का अनोखा संगम, 10 जनवरी तक भरें फार्म।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो।
बिंदुखत्ता। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, खेल और पारंपरिक विरासत को समर्पित उत्तरायणी कौतिक मेला बिंदुखत्ता–2026 का भव्य आयोजन 12 जनवरी से 16 जनवरी तक किया जाएगा। पांच दिन चलने वाले इस मेले में खेलकूद, सांस्कृतिक और रचनात्मक प्रतियोगिताओं के साथ उत्साह और उमंग का माहौल बनेगा। स्कूली बच्चों, युवाओं और महिला समूहों को अपनी प्रतिभा निखारने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
मेले के कार्यक्रम अनुसार 12 जनवरी को वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित होगी। 13 जनवरी को खो-खो, रस्सी कूद, निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता होगी। 14 जनवरी को महिला समूह मेहंदी प्रतियोगिता और स्कूलों की नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 15 जनवरी को गायन, स्कूल एवं महिला समूह नृत्य प्रतियोगिता तथा कुर्सी दौड़ का आयोजन होगा। वहीं 16 जनवरी को स्कूलों एवं महिला समूहों की नृत्य प्रतियोगिताओं के फाइनल मुकाबले होंगे।
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिताओं में जूनियर वर्ग (कक्षा 8 तक) और सीनियर वर्ग (कक्षा 9 से 12 तक) के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। स्कूलों की सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में कम से कम 10 प्रतिभागियों का होना अनिवार्य रहेगा, जबकि महिला समूह नृत्य प्रतियोगिता में भी न्यूनतम 10 सदस्य आवश्यक होंगे।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार ₹5100, द्वितीय ₹2100 और तृतीय ₹1100 निर्धारित किया गया है। सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र भी दिए जाएंगे।
समिति के अध्यक्ष दीप जोशी ने बताया कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 10 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। प्रतिभागियों को फॉर्म के साथ आधार कार्ड की छायाप्रति जमा करना अनिवार्य होगा। प्रत्येक प्रतिभागी अधिकतम तीन प्रतियोगिताओं में ही भाग ले सकेगा। अधिक जानकारी और फॉर्म जमा करने के लिए नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है—
संपर्क नंबर:
7302740923, 9997006861, 9756169850, 7409136314,
7078806999, 9917718765, 9758113300, 7055309999
