खबरें शेयर करें -

6 घंटे की मैराथन पूछताछ: उर्मिला सनावर ने SIT को सौंपे अहम सबूत, बोलीं– “अंकिता पूरे देश की बेटी, न्याय दिलाकर रहूंगी”
दर्पण न्यूज 24 7 ब्यूरो।देहरादून
अंकिता भंडारी प्रकरण की जांच तेज होने के साथ गुरुवार को विशेष जांच दल (SIT) ने एक्ट्रेस उर्मिला सनावर से करीब छह घंटे तक कड़ी पूछताछ की। दोपहर डेढ़ बजे उन्हें हरिद्वार स्थित SOG कार्यालय लाया गया, जहां शाम साढ़े छह बजे तक उनसे विस्तृत पूछताछ की गई। इसके बाद पौने सात बजे उन्हें वापस जाने की अनुमति दी गई। पुलिस की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया, लेकिन उर्मिला के अधिवक्ता ने जांच में पूर्ण सहयोग का दावा किया।
SIT प्रमुख व एसपी सिटी अभय सिंह की निगरानी में हुई पूछताछ के दौरान अंकिता प्रकरण से जुड़े ऑडियो-वीडियो और अन्य महत्वपूर्ण तथ्यों को खंगाला गया। पूछताछ में सीओ लक्सर नताशा सिंह, एसपी देहात शेखर चंद सुयाल सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि विभिन्न बिंदुओं पर बारीकी से सवाल-जवाब किए गए, हालांकि पूछताछ का ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया गया है।
उर्मिला के वकील ने कहा कि आरोपों में अधिकांश प्रावधान जमानती हैं और उर्मिला कानून के तहत जांच में पूरा सहयोग कर रही हैं। उन्होंने रानीपुर कोतवाली में दर्ज मामलों व जारी एनबीडब्ल्यू का निस्तारण भी कानूनी प्रक्रिया के तहत होने की बात कही। उर्मिला के खिलाफ हरिद्वार जिले में कुल चार मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें दो पुराने और दो नए मामले शामिल हैं।
पूछताछ के बाद उर्मिला सनावर ने कहा कि उन्होंने सभी आवश्यक साक्ष्य SIT को सौंप दिए हैं और निष्पक्ष जांच का भरोसा मिला है। उन्होंने कहा, “अंकिता भंडारी पूरे देश की बेटी है, उसे न्याय दिलाने के लिए मैं हर संभव प्रयास करूंगी।” उर्मिला ने यह भी बताया कि शुक्रवार को वह अपना मोबाइल कोर्ट में जमा करेंगी।

उत्तराखंड