विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग तेज—अब उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने उठाई आवाज, कहा सरकार अंकिता हत्याकांड की CBI जांच से पीछे हट रही।
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो, रुद्रपुर।
प्रदेश विधानसभा के उप नेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उत्तराखण्ड आज कई ज्वलंत एवं जनहित के मुद्दों से जूझ रहा है, जिससे जनता में आक्रोश और असंतोष लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वनभूमि पर बसाए गए लोगों को आज तक भूमि अधिकार नहीं मिले, जबकि कई विभाग उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दे रहे हैं।
कापड़ी ने कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। लूट, हत्या, डकैती, बलात्कार, नशा कारोबार और अवैध खनन जैसे अपराधों में बढ़ोतरी हो रही है, वहीं कई मामलों में भाजपा के जनप्रतिनिधियों पर भी आरोप लगे हैं, जिन्हें सरकार का संरक्षण प्राप्त होने की बातें सामने आती रही हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की जनता लगातार अंकिता भंडारी हत्याकांड की CBI जांच की मांग कर रही है, लेकिन भाजपा सरकार इससे पीछे हट रही है। कापड़ी ने कहा कि जब संविधान की धाराओं में बदलाव के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया जा सकता है, तो उत्तराखण्ड के ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा के लिए विधानसभा का विशेष सत्र क्यों नहीं बुलाया जा सकता?
कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह जनता की इस मांग के समर्थन में आंदोलन जारी रखेगी। वार्ता के दौरान महानगर अध्यक्ष ममता रानी, महिला कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष मीना शर्मा, संदीप चीमा, सीपी शर्मा, संजीव रस्तोगी, अर्जुन विश्वास, उमा सरकार, अनिल शर्मा, योगेश चौहान आदि मौजूद रहे।