खबरें शेयर करें -

दमुवाढूंगा आए युवक की रहस्यमयी मौत, ओखलढुंगा जंगल किनारे गधेरे में मिला शव… सल्फास के पाउच बरामद, क्षेत्र में सनसनी।
दर्पण न्यूज 24/7
हल्द्वानी। बिंदुखत्ता निवासी 23 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार युवक बीते दिनों अपनी बहन के घर दमुवाढूंगा आया हुआ था और सोमवार दोपहर से लापता था। मंगलवार को काठगोदाम थाना क्षेत्र के ओखलढुंगा के जंगल किनारे गधेरे में युवक का शव बरामद हुआ, जिसके बाद मौके पर सनसनी फैल गई। सूचना पाकर पहुंची काठगोदाम पुलिस ने शव को रेस्क्यू कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक की पहचान लालकुआं बिंदुखत्ता निवासी प्रवीण आर्य (23) के रूप में हुई है, जो रेल विभाग रुद्रपुर में तैनात था। बताया जा रहा है कि प्रवीण तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। परिवार ने उसके देर शाम तक घर न लौटने पर काठगोदाम थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस को युवक की बाइक और जैकेट काठगोदाम—हैड़ाखान रोड पर मिली। सर्च अभियान बढ़ाया गया तो घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सड़क किनारे बाइक और पास में शव बरामद हुआ। मौके से सल्फास के चार खाली पाउच और एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल भी मिली है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि होगी।
काठगोदाम थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है, परिवार गमगीन है और क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।

उत्तराखंड