बरहनी में 75 राउंड गोलियां बरसने के बाद भी नहीं थमे तस्करों के हौसले, अब हल्द्वानी रेंज में खैर पर चला आरा!
वनकर्मियों पर फायरिंग के बाद जंगल में बेशकीमती खैर के दर्जनों पेड़ों का कत्लेआम, लकड़ी और वाहन जब्त कर फिर फरार हुए तस्कर, तराई केंद्रीय वन प्रभाग में वन महकमे की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में!
रुद्रपुर। जंगल में वनकर्मियों पर गोलियां बरसती हैं, जान की बाजी लगाकर सरकारी कर्मचारी तस्करों से मोर्चा लेते हैं और फिर भी जंगलों में अवैध कटान का सिलसिला थमने का नाम नहीं लेता। बरहनी रेंज में करीब 75 राउंड फायरिंग की सनसनीखेज घटना के बाद अब हल्द्वानी रेंज में बेशकीमती खैर के दर्जनों पेड़ों पर आरा चलने का मामला सामने आया है। सवाल यह है कि आखिर तराई केंद्रीय वन प्रभाग के जंगलों में तस्करों के हौसले इतने बुलंद क्यों हैं? क्या वन विभाग की कार्रवाई का खौफ खत्म हो चुका है या जंगलों में सक्रिय लकड़ी तस्करी का नेटवर्क विभाग की निगरानी से कहीं आगे निकल चुका है?
एक ही वन प्रभाग की दो अलग-अलग रेंज से सामने आए इन घटनाक्रमों ने वन संपदा की सुरक्षा के दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
बरहनी रेंज में रात के अंधेरे में सागौन की लकड़ी की तस्करी रोकने पहुंची वन विभाग की एसओजी टीम पर कथित तस्करों ने गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। कई राउंड फायरिंग से जंगल दहल उठा। सामने हथियारबंद तस्कर थे और दूसरी तरफ वन संपदा की सुरक्षा के लिए पहुंची विभागीय टीम।
ऐसे जानलेवा हालात में वन दरोगा धन सिंह अधिकारी और उनकी टीम ने मोर्चा संभाले रखा। गोलीबारी के दौरान धन सिंह अधिकारी बाल-बाल बच गए। तस्कर मौके पर तीन बाइक और सागौन की लकड़ी छोड़कर फरार हो गए।
यह घटना वनकर्मियों के साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल जरूर बनी, लेकिन साथ ही इसने जंगलों में सक्रिय तस्करों की बेखौफ गतिविधियों को भी उजागर कर दिया। सवाल यह भी है कि वन विभाग की टीम पर इतनी बड़ी संख्या में गोलियां चलाने का दुस्साहस करने वाले आरोपियों और उनके नेटवर्क तक कार्रवाई कब पहुंचेगी?
बरहनी की घटना अभी चर्चा में ही थी कि तराई केंद्रीय वन प्रभाग की हल्द्वानी रेंज से एक और मामला सामने आ गया। यहां कथित लकड़ी तस्करों ने खैर के दर्जनों बेशकीमती हरे पेड़ों को निशाना बना लिया। सूत्रों के मुताबिक, वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए काटी गई खैर की लकड़ी को वाहन समेत जब्त कर लिया, लेकिन तस्कर एक बार फिर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
खैर की लकड़ी कीमती होने के कारण इसकी मांग रहती है। ऐसे में दर्जनों पेड़ों का कट जाना महज कुछ पेड़ों की चोरी का मामला नहीं है, बल्कि जंगलों में वन संपदा की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर तस्करों को पेड़ों की पहचान करने, उन्हें काटने और लकड़ी को मौके से हटाने का अवसर कैसे मिल रहा है? क्या संबंधित क्षेत्र में नियमित गश्त हो रही थी? यदि हो रही थी तो इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई वन विभाग की नजरों से कैसे बची?
लकड़ी और वाहन जब्त, लेकिन तस्कर कहां गायब हो जाते हैं?
इन घटनाओं में एक समान पहलू भी दिखाई देता है। बरहनी में तीन बाइक और सागौन की लकड़ी मिली, जबकि हल्द्वानी रेंज में खैर की लकड़ी वाहन समेत जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। लेकिन दोनों ही मामलों में आरोपियों के फरार होने की बात सामने आ रही है।
यहीं से वन विभाग की कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठते हैं। आखिर लकड़ी की तस्करी में शामिल लोगों की पहचान कब होगी? जंगलों से लकड़ी निकालने के लिए इस्तेमाल होने वाले रास्तों पर निगरानी क्यों नहीं बढ़ाई जाती? क्या विभाग केवल घटनास्थल पर बरामदगी तक सीमित रहेगा या तस्करी के पीछे काम कर रहे पूरे नेटवर्क तक भी पहुंचेगा?
वन विभाग के उच्चाधिकारियों को इन सवालों का जवाब देना होगा।
किसके संरक्षण में फल-फूल रहा तस्करी का कारोबार?
जंगलों में लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच एक बड़ा सवाल यह भी है कि क्या यह महज कुछ लोगों की चोरी है या इसके पीछे संगठित तस्करी का नेटवर्क सक्रिय है? क्या लकड़ी के इस कारोबार में स्थानीय स्तर पर कोई मददगार भी हैं? क्या तस्करों को वन विभाग की गश्त और कार्रवाई की पूर्व जानकारी मिल जाती है?
फिलहाल इन सवालों के जवाब जांच का विषय हैं। बिना प्रमाण किसी व्यक्ति या कर्मचारी पर संरक्षण का आरोप लगाना उचित नहीं होगा, लेकिन इन संभावनाओं की निष्पक्ष जांच से इनकार भी नहीं किया जा सकता।
वन क्षेत्राधिकारी ने की पुष्टि, प्रेस नोट का इंतजार!
हल्द्वानी रेंज में खैर के पेड़ों के कटान और लकड़ी मय वाहन जब्त किए जाने की जानकारी सूत्रों के माध्यम से सामने आई है। इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी उमेश चंद आर्य से संपर्क किया गया तो उन्होंने मामले की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही इस संबंध में प्रेस नोट जारी किया जाएगा।
अब देखना यह है कि विभाग की जांच में कितने पेड़ों के कटान की पुष्टि होती है, कितनी लकड़ी बरामद हुई और इस मामले में कितने आरोपियों की पहचान कर उन्हें कानून के शिकंजे तक पहुंचाया जाता है।
सवाल वनकर्मियों के साहस का नहीं, सुरक्षा व्यवस्था की जवाबदेही का है!
बरहनी में गोलियों के बीच डटे वन दरोगा धन सिंह अधिकारी और उनकी टीम का साहस निश्चित रूप से सम्मान का हकदार है। लेकिन वनकर्मियों की बहादुरी को ही जंगलों की सुरक्षा का विकल्प नहीं बनाया जा सकता। उन्हें पर्याप्त सुरक्षा संसाधन, मजबूत निगरानी तंत्र और तस्करों के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जरूरत है।
तराई केंद्रीय वन प्रभाग में एक तरफ वनकर्मियों पर गोलियां चल रही हैं तो दूसरी तरफ बेशकीमती पेड़ों पर आरे चल रहे हैं। ऐसे में प्रभागीय वनाधिकारी और वन विभाग के शीर्ष अधिकारियों की जवाबदेही भी महत्वपूर्ण हो जाती है।
आखिर कब तक जंगलों में गोलियां भी चलेंगी और पेड़ों पर आरे भी?
जंगल की रक्षा के लिए जान जोखिम में डालने वाले वनकर्मियों के साथ-साथ उस व्यवस्था को भी जवाब देना होगा, जिसके भरोसे प्रदेश की बेशकीमती वन संपदा सुरक्षित रखी जानी है।
दर्पण न्यूज 24×7 | जनहित में बेबाक सवाल






