आरटीओ के बाहर दो निजी कारों में चल रहा था ‘फर्जीवाड़े का दफ्तर’ 75 आरसी और सात डीएल बरामद, दो गिरफ्तार!
सरकारी शुल्क की सही जानकारी छिपाकर वाहन स्वामियों से हो रही थी अवैध वसूली, लैपटॉप-प्रिंटर से संचालित था पूरा खेल, डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार कराने का भी खुलासा!
रुद्रपुर। सरकारी कार्यालयों के नाम पर आम जनता को ठगने का खेल अब किस हद तक पहुंच गया है, इसकी बानगी रुद्रपुर में देखने को मिली। यहां आरटीओ कार्यालय के बाहर दो निजी कारों को ही कथित तौर पर अवैध कार्यालय बना दिया गया था। कारों के भीतर लैपटॉप, प्रिंटर और इंटरनेट डिवाइस लगाकर वाहन संबंधी दस्तावेज तैयार कराने का काम संचालित किया जा रहा था। आरोप है कि सरकारी शुल्क की वास्तविक जानकारी छिपाकर वाहन स्वामियों से निर्धारित रकम से अधिक धनराशि वसूली जा रही थी। इतना ही नहीं, कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर लोगों को उपलब्ध कराने की बात भी सामने आई है।
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) कुमाऊं यूनिट ने पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए इस कथित फर्जीवाड़े का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मौके से 75 वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र (आरसी), सात ड्राइविंग लाइसेंस, 19 फॉर्म-30 समेत बड़ी संख्या में वाहन संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए हैं। इसके अलावा लैपटॉप, प्रिंटर और इंटरनेट डिवाइस सहित दो निजी वाहन भी कब्जे में लिए गए हैं।
आरटीओ के बाहर दो कारों में चल रहा था पूरा खेल!
एसटीएफ के मुताबिक, रुद्रपुर स्थित आरटीओ कार्यालय के समीप जिला सैनिक विश्राम गृह के गेट के पास दो अलग-अलग निजी वाहनों में बैठकर यह गतिविधि संचालित की जा रही थी। मुखबिर से सूचना मिलने के बाद एसटीएफ कुमाऊं यूनिट ने पंतनगर पुलिस के साथ संयुक्त टीम बनाकर मौके पर दबिश दी।
तलाशी के दौरान एक वाहन में प्रवीण बाछाड़ पुत्र विकास बाछाड़ निवासी चंदीपुर विजयपुर, थाना दिनेशपुर और दूसरे वाहन में लैपटॉप पर काम कर रहे पंकज कांति सेन पुत्र स्वर्गीय स्वदेश कांति सेन निवासी वार्ड नंबर तीन, ट्रांजिट कैंप को पकड़ा गया। दोनों वाहनों की तलाशी में वाहन संबंधी दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का जखीरा मिला।
सरकारी फीस छिपाकर वाहन स्वामियों की जेब पर डाल रहे थे डाका!
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आरटीओ कार्यालय से संबंधित काम कराने के नाम पर वाहन स्वामियों से संपर्क करते थे। सरकारी शुल्क की वास्तविक जानकारी छिपाकर निर्धारित शुल्क से अधिक रकम वसूलने का आरोप है। दोनों अपने निजी वाहनों में लैपटॉप और प्रिंटर के जरिए दस्तावेज तैयार कराने का काम संचालित कर रहे थे।
मामले का सबसे गंभीर पहलू डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस तैयार कराने से जुड़ा है। एसटीएफ के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने कुछ डुप्लीकेट आरसी और ड्राइविंग लाइसेंस निजी लैब से तैयार करवाकर वाहन स्वामियों को उपलब्ध कराने की बात बताई है। अब एसटीएफ इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
75 आरसी और सात डीएल ने बढ़ाए जांच के सवाल!
कार्रवाई में बरामद दस्तावेजों की संख्या ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। आखिर इतनी बड़ी संख्या में आरसी, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज आरोपियों के पास कैसे पहुंचे? क्या इनके तार किसी निजी लैब या अन्य व्यक्तियों से जुड़े हैं? कितने वाहन स्वामियों से अब तक अतिरिक्त रकम वसूली गई? क्या इस खेल में और लोग भी शामिल हैं?
एसटीएफ बरामद दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का विश्लेषण कर रही है। जांच में इस कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों और अब तक की गई अवैध वसूली के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, अन्य संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है।
दस्तावेजों का जखीरा, निजी वाहन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद!
एसटीएफ ने आरोपियों के कब्जे से 75 वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, सात ड्राइविंग लाइसेंस और 19 फॉर्म-30 बरामद किए हैं। फॉर्म-30 के साथ आरसी, आधार कार्ड और पैन कार्ड सहित अन्य दस्तावेज भी मिले हैं। इसके अलावा एक लैपटॉप, प्रिंटर, माउस, लैपटॉप एडॉप्टर, इंटरनेट डिवाइस और घटना में प्रयुक्त दो वाहन बरामद किए गए हैं।
इस संयुक्त कार्रवाई में एसटीएफ कुमाऊं परिक्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक राकेश बिष्ट और प्रभारी निरीक्षक विकास चौधरी के नेतृत्व में उपनिरीक्षक विपिन जोशी, हेड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह बिष्ट, महेन्द्र गिरी, किशोर कुमार, आरक्षी जितेन्द्र कुमार और किशन चन्द्र शर्मा शामिल रहे। पंतनगर पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक अनिल मेहता और कांस्टेबल कृपाल सिंह ने कार्रवाई में सहयोग किया।
एसटीएफ की आमजन से अपील!
एसटीएफ ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि आरटीओ अथवा किसी भी सरकारी कार्यालय से संबंधित कार्य कराने के लिए केवल अधिकृत माध्यमों का ही इस्तेमाल करें। सरकारी काम के नाम पर किसी अनधिकृत व्यक्ति को अतिरिक्त धनराशि न दें और अपने महत्वपूर्ण दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति को उपलब्ध कराने से बचें। अवैध वसूली अथवा धोखाधड़ी की सूचना एसटीएफ को मोबाइल नंबर 9412029536 पर दी जा सकती है। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम गोपनीय रखा जाएगा।
अब जांच के घेरे में कथित नेटवर्क!
आरटीओ कार्यालय के ठीक बाहर दो निजी वाहनों में कथित तौर पर संचालित हो रहा यह कारोबार कई गंभीर सवाल छोड़ गया है। क्या सरकारी कार्यालयों के आसपास सक्रिय ऐसे लोगों की पहले से निगरानी नहीं हो रही थी? डुप्लीकेट दस्तावेज तैयार कराने में कथित तौर पर शामिल निजी लैब तक जांच पहुंचेगी या नहीं? और सबसे अहम, बरामद 75 आरसी और सात ड्राइविंग लाइसेंस की पूरी कहानी क्या है?
दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब एसटीएफ की जांच इन सवालों के जवाब तलाश रही है। यदि इस कथित नेटवर्क में अन्य लोग भी शामिल हैं तो आने वाले दिनों में और खुलासे हो सकते हैं।






