हादसे का झांसा देकर अगवा, जबरन शराब पिलाई, चलती कार से कूदकर बची सहेली—हल्द्वानी में दुष्कर्म के प्रयास से सनसनी।
दर्पण न्यूज 24/7 | हल्द्वानी
हल्द्वानी में बुधवार को एक झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रही एक युवती और उसकी सहेली ने रामपुर के दो युवकों पर कार में बंधक बनाकर दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िताओं का कहना है कि आरोपितों ने हादसे का झांसा देकर कार में बैठाया, जबरन शराब पिलाई और विरोध करने पर मारपीट व अश्लील हरकतें कीं।
पीड़ित के अनुसार, 13 जनवरी की शाम रामपुर स्थित उनके घर के पड़ोसी दो युवक हल्द्वानी पहुंचे और युवती को उसके भाई के साथ दुर्घटना होने की बात कहकर घबराया। सहेली के साथ कार में बैठते ही कुछ दूरी पर कार रोककर दोनों को जबरन शराब पिलाई गई। आरोप है कि इसके बाद चलती कार में ही दुष्कर्म का प्रयास किया गया।
हालात बिगड़ते देख सहेली किसी तरह चलती कार से कूदकर जान बचाने में सफल रही। इसके बाद आरोपितों ने पीड़िता को जान से मारने और आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। कुछ दूर ले जाकर उसे भी कार से नीचे फेंक दिया गया, जिसके बाद दोनों आरोपी फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़िता ने हल्द्वानी में रह रहे अपने भाई को फोन कर बुलाया। पुलिस ने दोनों युवतियों को सुरक्षित उनके स्वजनों के सुपुर्द कर दिया है। चूंकि घटनास्थल हल्द्वानी का बताया गया है, इसलिए स्थानीय कोतवाली को सूचना दी गई है। पुलिस ने बताया कि हल्द्वानी कोतवाली में मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच तेज कर दी गई है और आरोपितों की तलाश जारी है। मामले ने शहर में सनसनी फैला दी है।
