खबरें शेयर करें -

दर्दनाक हादसा: गंगोलीहाट में कार 300 फीट गहरी खाई में गिरी, चालक समेत दो की मौत!
घर से चार किलोमीटर पहले हुआ हादसा, बोयल गांव में मातम पसरा!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो गंगोलीहाट/बेरीनाग।
गंगोलीहाट क्षेत्र के बोयल गांव में मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगोलीहाट तहसील मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर न्याय पंचायत पोखरी भेरंग के ग्राम बोयल में एक कार अनियंत्रित होकर लगभग 300 फीट गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में चालक समेत दो लोगों की मौत हो गई, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार संख्या यूके-05 टीए-5117 घर से महज चार किलोमीटर पहले बोयल के पास बेकाबू होकर खाई में गिर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों और ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर खाई में गिरी कार से घायलों को बाहर निकाला। हादसे में भूपाल सिंह (36) पुत्र शेर सिंह, निवासी बोयल, की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं शिवनाथ (65) गंभीर रूप से घायल थे। उन्हें 108 एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गंगोलीहाट पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि शिवनाथ पूर्व सैनिक थे और गंगोलीहाट से लौट रहे थे, जबकि भूपाल सिंह वाहन चला रहे थे।
दो लोगों की मौत से बोयल गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। शवों का पोस्टमार्टम सीएचसी बेरीनाग में किया जा रहा है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक तौर पर सड़क की खराब स्थिति और वाहन के अनियंत्रित होने की आशंका जताई जा रही है।
— दर्पण न्यूज 24/7