खबरें शेयर करें -

कालाढूंगी में भाजपा टिकट की दौड़ तेज, आनंद दरमवाल ने मजबूत की दावेदारी!

पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष की सक्रियता से सियासी चर्चाएं तेज, समर्थकों में बढ़ा उत्साह!

दर्पण न्यूज 24/7 कालाढूंगी। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के भीतर टिकट को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज होने लगी हैं। पार्टी के संभावित दावेदारों के बीच अब आनंद सिंह दरमवाल का नाम भी मजबूती से सामने आया है। लंबे समय से क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय दरमवाल ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है, जिसके बाद राजनीतिक गलियारों में उनकी दावेदारी को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

आनंद सिंह दरमवाल क्षेत्र की राजनीति में जाना-पहचाना नाम हैं। वह नैनीताल के पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष और हल्द्वानी के पूर्व ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं,वर्तमान में उनकी पत्नी दीपा दर्मवाल नैनीताल की जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। पंचायत स्तर से राजनीति की शुरुआत करने वाले दरमवाल ने संगठन और क्षेत्रीय राजनीति में अपनी सक्रियता के जरिए अलग पहचान बनाई है। ग्रामीण क्षेत्रों में उनकी राजनीतिक पकड़ और लंबे समय से लोगों के बीच सक्रियता को उनकी दावेदारी की प्रमुख ताकत माना जा रहा है।

दरमवाल पहले भी विधानसभा चुनाव में भाजपा टिकट के लिए अपनी दावेदारी जता चुके हैं। इस बार उनकी सक्रियता को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि कालाढूंगी सीट पर भाजपा के भीतर कई चेहरे टिकट की दौड़ में माने जा रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक दावेदार अपने राजनीतिक आधार और संगठन में पकड़ को मजबूत करने में जुटा है।

पंचायत राजनीति से विधानसभा की ओर बढ़ाया कदम!

दरमवाल की राजनीतिक पृष्ठभूमि को देखें तो उन्होंने पंचायत राजनीति में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत उपाध्यक्ष के बाद पत्नी के जिलापंचायत अध्यक्ष  के रूप में क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में उनकी सक्रियता रही है। यही अनुभव अब विधानसभा चुनाव में उनकी दावेदारी का आधार बनता दिखाई दे रहा है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा हाईकमान विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी चयन के दौरान संगठन में सक्रियता के साथ-साथ जनाधार, क्षेत्रीय समीकरण, साफ छवि और चुनाव जीतने की क्षमता को भी महत्व देगा। ऐसे में दरमवाल की दावेदारी को केवल राजनीतिक इच्छा के बजाय इन कसौटियों पर भी परखा जाना तय माना जा रहा है।

दावेदारों की बढ़ती संख्या से मुकाबला दिलचस्प!

कालाढूंगी विधानसभा में भाजपा का टिकट इस बार भी कई नेताओं के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। संभावित दावेदारों के बीच बढ़ती सक्रियता ने मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। आनंद दरमवाल की एंट्री से टिकट की दौड़ में एक और मजबूत नाम जुड़ता दिखाई दे रहा है।

हालांकि भाजपा ने अभी किसी प्रत्याशी के नाम पर आधिकारिक मुहर नहीं लगाई है, लेकिन चुनावी तैयारियों के बीच दरमवाल की बढ़ती सक्रियता से साफ है कि वह इस बार अपनी दावेदारी को हल्के में लेने के मूड में नहीं हैं। अब निगाहें पार्टी नेतृत्व के निर्णय पर टिकी हैं कि कालाढूंगी में कमल का उम्मीदवार कौन होगा।

फिलहाल इतना तय है कि कालाढूंगी की सियासत में भाजपा टिकट की दौड़ आने वाले दिनों में और रोचक होने वाली है और आनंद दरमवाल का नाम इस दौड़ में मजबूती से अपनी जगह बनाने की कोशिश करता नजर आ रहा है।