खबरें शेयर करें -

यूसीसी ने रचा भरोसे का नया कीर्तिमान: अल्मोड़ा में 23,330 प्रमाण पत्र, एक भी निजता उल्लंघन की शिकायत नहीं!
दर्पण न्यूज 24/7 ब्यूरो अल्मोड़ा।
उत्तराखंड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) ने निजता और पारदर्शिता के मोर्चे पर एक मिसाल कायम की है। बीते एक वर्ष में अल्मोड़ा जनपद के 11 विकासखंडों में कुल 23,330 लोगों ने यूसीसी प्रमाण पत्र बनवाए, लेकिन इस पूरी अवधि में निजता उल्लंघन की एक भी शिकायत दर्ज नहीं हुई। यह तथ्य यूसीसी की सुरक्षित, भरोसेमंद और फेसलेस डिजिटल व्यवस्था को दर्शाता है।
जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जनपद के विभिन्न ब्लॉकों में यूसीसी के अंतर्गत प्रमाण पत्र बनाए गए। इनमें ताकुला में 2096, लमगड़ा 2122, भैंसियाछाना 1350, स्याल्दे 1288, धौलादेवी 2160, हवालबाग 2836, ताड़ीखेत 2775, चौखुटिया 2144, भिकियासैंण 1092 तथा द्वाराहाट में सर्वाधिक 2989 लोगों ने यूसीसी प्रमाण पत्र बनवाए।
फेसलेस और ऑनलाइन प्रक्रिया से बढ़ा भरोसा!
यूसीसी के तहत लगभग शत-प्रतिशत आवेदन यूसीसी पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन किए जा रहे हैं। फेसलेस प्रक्रिया होने के कारण आवेदकों को किसी भी सरकारी कार्यालय या अधिकारी के सामने उपस्थित होने की आवश्यकता नहीं पड़ती। आवेदन स्वीकृत होने के बाद संबंधित अधिकारी भी आवेदक की निजी जानकारी नहीं देख सकता, जिससे गोपनीयता पूरी तरह सुरक्षित रहती है। आवेदन में दी गई निजी जानकारी तक केवल आवेदक की ही सीमित पहुंच होती है।
22 भाषाओं और एआई सहायता से आसान हुआ पंजीकरण
उत्तराखंड समान नागरिक संहिता की सेवाएं अंग्रेजी सहित भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराई गई हैं। आईटीडीए द्वारा विकसित यूसीसी पोर्टल को यूजर फ्रेंडली बनाया गया है, ताकि कोई भी व्यक्ति स्वयं ही पंजीकरण कर सके। इसके साथ ही एआई की सहायता से नियम, प्रक्रिया और आवेदन की जानकारी समझना भी बेहद सरल हो गया है।
औसतन पांच दिन में मिल रहा प्रमाण पत्र!
यूसीसी के तहत विवाह पंजीकरण, विवाह विच्छेद, वसीयत पंजीकरण, लिव-इन रिलेशनशिप पंजीकरण और लिव-इन संबंध समाप्त करने जैसे प्रावधानों का लोग तेजी से लाभ उठा रहे हैं। औसतन पांच दिन में प्रमाण पत्र मिलने से लोगों का समय और संसाधन दोनों की बचत हो रही है।
सराहनीय कार्य करने वाले अधिकारी सम्मानित!
यूसीसी के अंतर्गत प्रकरणों के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण में सराहनीय योगदान के लिए दो निबंधक, दो उप निबंधक सहित 78 ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को सम्मानित किया गया। सम्मानित अधिकारियों में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रानीखेत गौरी प्रभात, उपजिलाधिकारी सदर संजय कुमार, अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत चौखुटिया सुभाष चंद्र और आरएमओ कैंट बोर्ड रानीखेत डॉ. पवन तिवारी शामिल रहे। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत विवाह पंजीकरण सुनिश्चित करने वाले ग्राम पंचायत विकास अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि समान नागरिक संहिता को लेकर शुरुआत में कुछ लोगों ने नकारात्मक माहौल बनाने का प्रयास किया था, लेकिन बीते एक वर्ष के सफल क्रियान्वयन ने सभी शंकाओं को समाप्त कर दिया है। यूसीसी न केवल नागरिकों की निजता की रक्षा करने में सफल रही है, बल्कि यह गुड गवर्नेंस का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरी है।

उत्तराखंड